लखनऊ में एक मार्च से पुस्तक मेला का आयोजन
लखनऊ में 1 मार्च से 9 मार्च तक नौ दिवसीय पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला चारबाग स्थित रवीन्द्रालय लॉन में लगाया जाएगा। जिसमें साहित्य प्रेमियों के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था होगी। इस बार मेले की मुख्य थीम बाल साहित्य तय की गई है। पुस्तक मेले में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी होंगी। जिनमें काव्य पाठ, नाट्य प्रस्तुतियां और पुस्तक विमोचन जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। आयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि बीते वर्षों में इस मेले को पाठकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी, और इस बार भी बड़ी संख्या में पुस्तक प्रेमी इसमें शामिल होंगे।
डिजिटल प्रकाशनों पर भी रहेगा जोर
मनोज सिंह ने जानकारी दी कि इस वर्ष मेले में पंद्रह हजार स्क्वायर फीट में वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है, जहां देशभर के प्रमुख प्रकाशक अपनी पुस्तकें प्रदर्शित करेंगे। इसमें सस्ता साहित्य मंडल प्रकाशन (नई दिल्ली), शुभी पब्लिकेशंस (गुरुग्राम), जैको पब्लिशिंग हाउस (नई दिल्ली), चिल्ड्रेन बुक ट्रस्ट (नई दिल्ली), प्रकाशन विभाग (सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय), नमन प्रकाशन, निखिल पब्लिशर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स (आगरा) सहित कई नामचीन प्रकाशकों के स्टॉल होंगे।
मेट्रो रेल सेवा विशेष सहायक
आयोजक ने बताया कि इस बार मेट्रो रेल सेवा पुस्तक प्रेमियों के लिए विशेष रूप से सहायक होगी, जिससे लोग आसानी से मेले तक पहुंच सकें। इसके अलावा, स्कूली छात्रों और शिक्षकों के लिए विशेष स्टेशनरी और उपयोगी सामग्री के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
पुस्तकों पर मिलेगी विशेष छूट
सह-संयोजक टीपी हवेलिया ने बताया कि पुस्तक मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। पाठकों को नई और दिलचस्प पुस्तकों के साथ-साथ हर खरीदारी पर दस प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। इस बार मेले में युवा लेखकों की कृतियों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी के लेखकों को प्रोत्साहन मिलेगा।