लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। पहले दिन विधानसभा और विधान परिषद के संयुक्त सत्र को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल संबोधित करेंगी। 20 फरवरी को सुबह 11 बजे वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आम बजट पेश किया जाएगा। इस बार बजट सत्र में एक नई पहल हुई है। लोकसभा की तर्ज पर यूपी के विधायक क्षेत्रीय भाषाओं (अवधी, ब्रज, बुंदेलखंडी, भोजपुरी और अंग्रेजी) में अपनी बात रख सकेंगे। इसके लिए सदन में इन भाषाओं के अनुवादक बैठाये जाएंगे। विधायक अपने हेडफोन पर इंटरप्रेटर का चैनल सेट कर अपनी भाषा में सदन की कार्यवाही सुन सकेंगे। वहीं, सपा ने महाकुंभ में भगदड़, मिल्कीपुर उपचुनाव, संभल हिंसा, जातीय जनगणना जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की की तैयारी की है। बजट सत्र से पहले सपा विधायक चौ. चरण सिंह की प्रतिमा पर धरना देंगे। इसके बाद बाद सदन की कार्यवाही में शामिल होंगे
यूपी विधानसभा सत्र में नया प्रयोग
यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के अनुसार, यूपी की विधानसभा देश की पहली विधानसभा होगी जो इस नई सुविधा से लैस होगी। आज नियम समिति के सामने इस व्यवस्था का प्रस्ताव रखा जाएगा। जिसके बाद सदन से मंजूरी मिलने पर इसे लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी ने विधानसभा अध्यक्ष के साथ मिलकर अवधी, ब्रज, भोजपुरी, बुंदेलखंडी और अंग्रेजी भाषाओं के अनुवाद की पूर्वाभ्यास प्रक्रिया का जायजा लिया। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने भी पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
20 फरवरी को पेश होगा बजट
यूपी का बजट करीब साढ़े सात लाख करोड़ होने का अनुमान है। सदन में 24, 25, 27 और 28 फरवरी को बजट पर चर्चा होगी। इसके बाद तीन, चार और पांच मार्च को विधानसभा में बजट के अनुदानों की मांगों पर चर्चा की जाएगी। पांच मार्च को ही सरकार सदन में अगले वित्तीय वर्ष का बजट पास करवाएगी। कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में इस सत्र के दौरान दो अध्यादेश (उत्तर प्रदेश नगर योजना और विकास (संशोधन) अध्यादेश 2025 और संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (संशोधन) अध्यादेश 2025) पेश करने पर सहमति बनी है।
डीजीपी ने परखी विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था
बजट सत्र से पहले विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था परखी गई। डीजीपी प्रशांत कुमार ने विधानसभा पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का मुआयना किया। डीजीपी के साथ एडीजी एलओ, पुलिस कमिश्नर, ज्वाइंट कमिश्नर एलओ व ज्वाइंट कमिश्नर अपराध भी रहे मौजूद। किसी तरह की ना हो चूक इसको लेकर डीजीपी दिशा निर्देश दिए।