Advertisment

Ambedkar महासभा कार्यक्रम में शामिल हुए CM Yogi, बोले-भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वाले Baba Saheb के सच्चे अनुयायी

सीएम योगी ने बताया कि बीते आठ वर्षों में मुसहर, थारू, वनटांगिया, कोल, बुक्सा, चेरो, गोंड़ और सहरिया जैसी वंचित जनजातियों को सरकारी योजनाओं से पूरी तरह संतृप्त करने का काम किया गया है।

author-image
Abhishek Mishra
CM Yogi attended Ambedkar Mahasabha program

अंबेडकर महासभा में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए मुख्यमंत्री

Listen to this article
0.75x 1x 1.5x
00:00 / 00:00

लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता

Advertisment

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( CM Yogi Adityanath) ने सोमवार को अंबेडकर महासभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चल रहे "जीरो पॉवर्टी कार्यक्रम" को अब भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से आगे बढ़ाया जाएगा। यह पहल इसी महीने से और तेज़ी के साथ लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से राज्य सरकार ने इस योजना को पूरी गंभीरता के साथ अपनाया है। इसका उद्देश्य स्पष्ट है प्रदेश में कोई भी व्यक्ति गरीब या वंचित न रह जाए और उसे सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

सरकारी योजनाओं का मिला लाभ 

सीएम योगी ने बताया कि बीते आठ वर्षों में मुसहर, थारू, वनटांगिया, कोल, बुक्सा, चेरो, गोंड़ और सहरिया जैसी वंचित जनजातियों को सरकारी योजनाओं से पूरी तरह संतृप्त करने का काम किया गया है। हर ज़रूरतमंद तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास सतत रूप से जारी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. अंबेडकर की 134वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कार्यक्रम में प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया।

Advertisment

यूपी जीरो पॉवर्टी लक्ष्य की ओर बढ़ेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में 14-15 लाख परिवारों को जोड़ेंगे। हर ग्राम पंचायत में 20-25 ऐसे परिवार होंगे, जिन्हें बहुत सारी सुविधाएं नहीं मिली होंगी। डबल इंजन सरकार उन्हें वह सुविधा उपलब्ध कराएगी। सीएम ने कहा कि यह योजना इसलिए बाबा साहेब के नाम पर जानी जाएगी, क्योंकि देश में शैक्षणिक, सामाजिक व आर्थिक रूप से समुन्नत करने का दर्शन उन्होंने ही दिया था। यूपी देश का पहला राज्य होगा, जो जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कदम बढ़ाएगा। 

बाबा साहेब का उद्देश्य दलितों और वंचितों को अधिकार दिलाना

Advertisment

सीएम योगी ने कहा कि 1891 में मध्य प्रदेश के महू में उनका जन्म हुआ। विलक्षण बुद्धि और कुछ करने की तमन्ना के भाव के कारण उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए इंग्लैंड की तरफ प्रस्थान का निश्चय किया। महाराजा बडोदरा ने छात्रवृत्ति दी, जिस पर वे वहां गए और दुनिया की उच्चतम शिक्षा की डिग्री हासिल कर वापस भारत आए। उनका एक ही संकल्प था कि कोटि-कोटि वंचितों-दलितों को उनका अधिकार दिलाना है। न सिर्फ देश, बल्कि नागरिकों की आजादी के लिए भी कार्य करना है। बाबा साहेब देश की आजादी के आंदोलन में कूद पड़े। 

संविधान से मिली देश को एकता की शक्ति  

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1946 में संविधान सभा का गठन हुआ। पहली संगठित सरकार के न्याय मंत्री और संविधान समिति के ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। भारत का संविधान आज भी प्रत्येक नागरिकों को जोड़ने का सामर्थ्य रखता है। जो लोग भारत की एकता के पक्षधऱ नहीं थे, वे हंसते थे कि भारत स्वतंत्र तो हो रहा है पर एकजुट नहीं रह पाएगा। उनकी मंशा धरी की धरी रह गई। उत्तर से दक्षिण व पूरब से पश्चिम तक 140 करोड़ लोग एकता के सूत्र में बंधे हैं। संविधान के कारण भारत ने सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में आज भी अपनी धाक जमाई है। 

Advertisment

अटल जी के सपने को मोदी जी ने दी गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब के सपने को साकार करने का प्रयास पहली बार अटल जी ने प्रारंभ किया, उसे नई गति दी पीएम मोदी ने। शैक्षणिक हो या आर्थिक, हर क्षेत्र में सर्वांगीण विकास के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। पीएम मोदी ने इसे आगे बढ़ाया। दुनिया में भारत एक मात्र ऐसा देश है, जिसने कोरोना में भी हर नागरिक को उसका अधिकार दिलाया। सीएम ने केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। 

लोगों को लगता था कि मैं भी नहीं आऊंगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष में दो-तीन बार इस कार्यक्रम में आने का अवसर प्राप्त होता है। 2017 में जब बाबा साहेब की जयंती पर मैंने निर्मल जी को फोन किया तो उन्होंने कहा कि हमें बहुत अच्छा लगेगा, क्योंकि पिछले मुख्यमंत्री नहीं आए थे। मैंने कहा कि मैं आऊंगा। उस समय घोषणा की गई कि गरीब जहां रहेगा, उसे वहीं जमीन का पट्टा और पक्का मकान उपलब्ध कराएंगे। यूपी ने अब तक एक करोड़ गरीब-दलित परिवारों को पीएम स्वामित्व योजना के तहत घरौनी उपलब्ध करा दी है। उसे कोई उजाड़ नहीं सकता है। अब तक 56 लाख गरीबों का आवास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 

सीएम युवा से 30 हजार से अधिक युवाओं को ऋण

मुख्यमंत्री ने सीएम युवा उद्यमी अभियान की चर्चा करते हुए बताया कि यह योजना युवाओं और खासतौर पर एससी-एसटी व अतिपिछड़ी जाति से जुड़े युवाओं के लिए लाई गई है। अब तक 30 हजार से अधिक युवाओं को बैंकों से ब्याज व गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। आने वाले समय में हम प्रतिवर्ष एक लाख युवाओं को इस सुविधा से जोड़ने वाले हैं। जो भी कारोबार करना चाहता है, वह प्रशिक्षण लेकर कार्यक्रम से जुड़ सकता है। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालय को लेकर आश्वस्त किया कि यहां नियमित रूप से समिति को हर महीने मानदेय मिलेगा। 

जोगेंद्र नाथ मंडल का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब व जोगेंद्र नाथ मंडल का जिक्र करते हुए कहा कि इतिहास की घटनाएं सबक होती हैं। बाबा साहेब को बहुत सारे लोगों ने लालच दिया, लेकिन वे टस से मस नहीं हुए। बाबा साहेब ने 'आदि से अंत तक भारतीय हूं' संकल्प का उद्घोष किया। उन्होंने अपमान सहा, लेकिन भारत को अपमानित नहीं होने दिया। इस महानता के कारण स्वतंत्र भारत उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता है। देश में बाबा साहेब की पूजा हो रही है, लेकिन जोगेंद्र नाथ मंडल के बारे में कोई नहीं जानता। इतिहास की गलतियां माफ नहीं करती हैं। समाज-देश को कमजोर करने वाला कार्य कभी नहीं होना चाहिए। हमारा अस्तित्व तभी है, जब देश है। देश को कमजोर करने वाली ताकतें काम कर रही हैं। 

भारत ने पीड़ित मानवता को शरण दी

पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान में पीड़ित-प्रताड़ित मानवता को भारत में दिया गया शरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश हमारे लिए सबक है। मोदी जी ने दलितों-वंचितों को सम्मान दिलाया। बाबा साहेब के पंचतीर्थों हों या बांग्लादेश-पाकिस्तान व अफगानिस्तान में पीड़ित-प्रताड़ित मानवता, उन्हें भारत में शरण दिया। वहीं कुछ लोगों ने आंदोलन के जरिए व्यवस्था बिगाड़ने का कार्य किया। कांग्रेस व सपा ने बाबा साहेब के जीते जी उनका अपमान किया और कोशिश की कि न रहने के बाद भी उनके मूल्य-आदर्श स्थापित न हों। कांग्रेस ने दिल्ली में उनका स्मारक नहीं बनने दिया। सपा कहती थी कि बाबा साहेब का स्मारक बनेगा तो तोड़ेंगे, लेकिन आज बाबा साहेब को सम्मान मिल रहा है, उनके मूल्यों-आदर्शों के प्रति पूरा भारत सम्मान व कृतज्ञता ज्ञापित कर रहा है। 

शिक्षा, संगठन और संघर्ष ही सच्चे अनुयायी की पहचान 

सीएम ने आह्वान किया कि हम सभी बाबा साहेब के मूल्यों के प्रति जागरूक हों। उन्होंने कहा था कि शिक्षित बनो, शिक्षित रहेंगे तो भटक नहीं पाएंगे। सरकार सुविधा दे रही है, उसका लाभ लेकर बच्चों को पढ़ाइए। उन्होंने संगठित होकर कार्य करने, वंचितों-दलितों की मदद, आर्थिक रूप से समुन्नत बनने को कहा और यह सब शिक्षा से ही संभव है। उस मार्ग का अनुसरण करेंगे तो आने वाली पीढ़ी को उज्ज्वल भविष्य दे पाएंगे। अन्याय-अत्याचार व भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने के लिए तैयार होने से ही हम बाबा साहेब के सच्चे अनुयायी कहलाएंगे। 

CM Yogi Adityanath
Advertisment
Advertisment