Advertisment

CM Yogi ने जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, बोले-पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से ले अधिकारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

author-image
Abhishek Mishra
CM Yogi heard problems people Janta Darshan

जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुनीं लोगों की समस्याएं

लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता

Advertisment

गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद की मदद के लिए प्रतिबद्ध है और किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है।

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे और रात्रि प्रवास के बाद बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल हुए। मंदिर परिसर में स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने जनता से आत्मीयता से संवाद करते हुए कहा हर पीड़ित को न्याय मिलेगा, उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।

Advertisment

करीब 200 लोगों की शिकायतें सुनीं

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी अपनी शिकायतें लेकर पहुंची थीं। मुख्यमंत्री खुद लोगों के पास जाकर उनकी परेशानियों को ध्यानपूर्वक सुनते रहे और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश देते रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जनता की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और सभी को न्याय मिलेगा।

भूमि विवाद की शिकायतों पर दिए सख्त निर्देश

Advertisment

जनता दर्शन में कई लोगों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जे और संपत्ति विवाद की शिकायतें कीं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी व्यक्ति को लंबे समय से न्याय नहीं मिल रहा है, तो मामले की विशेष जांच की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जमीन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि किसी गरीब या कमजोर व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है, तो उसे तुरंत हटाया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता का आश्वासन

जनता दर्शन में कुछ लोग अपने या अपने परिजनों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग को लेकर पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी जरूरतमंद का इलाज धन की कमी के कारण नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल से इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर संबंधित फाइल को शासन को भेजें, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को त्वरित सहायता प्रदान की जाए और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिया जाए।

Advertisment

बच्चों से किया संवाद, दी चॉकलेट और आशीर्वाद

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से विशेष रूप से बातचीत की। उन्होंने परिजनों के साथ आए छोटे बच्चों से उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा और उन्हें चॉकलेट भेंट की। बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी मन लगाकर पढ़ाई करें और जीवन में आगे बढ़ें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को दिया जाएगा।

संवेदनशीलता और पारदर्शिता से हो समाधान

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने पास में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समाधान संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक होना चाहिए। किसी भी पीड़ित व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। हर शिकायत का निस्तारण पारदर्शी तरीके से किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जो भी व्यक्ति शासन-प्रशासन से जुड़ी किसी समस्या को लेकर आता है, उसे उचित सम्मान मिले और उसके समाधान की प्रक्रिया जल्द शुरू हो। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार जनता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित है और हर समस्या का समाधान किया जाएगा।

Advertisment
Advertisment