/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/14/r3DZGxhFGELIVI7O93kN.jpeg)
अंबेडकर जयंती पर सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि
संविधान निर्माता और महान समाज सुधारक डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती सोमवार को पूरे प्रदेश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने हजरतगंज स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद बृजलाल और भाजपा नेता नीरज सिंह भी मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को याद किया।
नागरिकों को समान अधिकार और अवसर
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बाबा साहब की जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक न्याय और समानता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र की नींव को मजबूत करते हुए एक ऐसे संविधान का निर्माण किया, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है।
एक भारत-श्रेष्ठ भारत उनका सपना
सीएम योगी ने कहा की डॉ. अंबेडकर न केवल भारत के संविधान के शिल्पकार थे, बल्कि वह सामाजिक समरसता और न्याय के प्रतीक भी हैं। उनका जीवन संघर्ष और सेवा की मिसाल है, जो हमें सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब का सपना 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' आज भी हमारी नीति और नीयत का मार्गदर्शन करता है। उनके विचारों पर चलकर ही एक समतामूलक और समावेशी समाज की स्थापना संभव है। अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए और लोगों ने बाबा साहब के योगदान को याद किया।