लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। राजधानी में भीषण गर्मी से राहत मिलती नजर आ रही है। नौ दिनों बाद सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सुबह से ही मौसम साफ बना रहा, जबकि हवा में नमी का स्तर सामान्य रहा।
40 डिग्री तक रह सकता है तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में लखनऊ सहित आसपास के इलाकों में आसमान साफ रहेगा। दिन का तापमान लगभग 40 डिग्री और रात का पारा 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। बीते रविवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। नमी 45 फीसदी रही और बारिश नहीं हुई। इससे पहले 10 मई को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस था।
प्रदेश के कई हिस्सों में बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पंजाब से लेकर बांग्लादेश तक फैले मौसमी सिस्टम और नम पूर्वी हवाओं के चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी में थोड़ी राहत देखने को मिल रही है। हालांकि दक्षिणी जिलों में अभी तापमान ज्यादा बना हुआ है। राज्य के कुछ हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
22 मई से बन सकती है बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि 21-22 मई के आसपास अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे आने वाली नम दक्षिण-पश्चिमी हवाएं प्रदेश में पहुंचेंगी, जो दक्षिण-पूर्वी हवाओं से मिलकर बारिश की तीव्रता और क्षेत्र बढ़ा सकती हैं। अगले कुछ दिनों में तराई क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। उत्तरी जिलों में भी हल्की वर्षा और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। दक्षिणी हिस्सों को छोड़कर बाकी इलाकों में मौसम सामान्य बना रहेगा।