Advertisment

अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची Nagar Nigam की टीम पर जानलेवा हमला, कई कर्मचारी घायल, वाहन क्षतिग्रस्त

जोनल अधिकारी अजीत राय के निर्देश पर टीम खजाना मार्केट पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही लगभग 5-6 अज्ञात लोगों ने अचानक टीम और उनके वाहन पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला बोल दिया।

author-image
Abhishek Mishra
Deadly attack Nagar Nigam team

अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम पर जानलेवा हमला

Listen to this article
0.75x 1x 1.5x
00:00 / 00:00

लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। आशियाना खजाना मार्केट चौराहे पर मंगलवार सुबह अराजक तत्वों ने नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम पर हमला कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब जोन-8 की 296 टीम अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर अभियान चला रही थी। हमले में कई नगर निगम कर्मचारी घायल हो गए और टीम की सरकारी ट्रक को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

Advertisment

नगर निगम की टीम पर हमला

जोनल अधिकारी अजीत राय के निर्देश पर 296 टीम सुबह 7:30 बजे खजाना मार्केट पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही लगभग 5-6 अज्ञात लोगों ने अचानक टीम और उनके वाहन (UP41AT4084) पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। हमलावरों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। हमले में वाहन चालक शिव गोविन्द के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि टीम के अन्य सदस्य अनुज, संजय, दिलीप, धर्मेन्द्र, छंगा, सुशील और टीम इंचार्ज आयुष्कर शर्मा को भी चोटें आई हैं। हमलावर न सिर्फ वाहन के शीशे तोड़ गए, बल्कि उसमें रखे सरकारी दस्तावेज जैसे लॉग बुक को भी फाड़कर उठा ले गए।

स्थानीय ठेले वालों पर हमले का आरोप

Advertisment

हमले के दौरान मुख्य सड़क पर भी पथराव किया गया जिससे कई राहगीर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हमलावर वहीं के कुछ ठेले वाले थे, जो लंबे समय से अतिक्रमण किए हुए थे और कार्रवाई से नाराज थे। हमले के चलते कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। नगर निगम की टीम ने तुरंत आशियाना थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया में जुट गई है।

हमलावरों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग

घटना के बाद नगर निगम कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने हमलावरों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नगर निगम प्रशासन ने भी साफ किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमले जैसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisment
Advertisment