लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
उत्तर प्रदेश में नाम बदलने की सियासत आम हो गई। सड़क, चौराहे से लेकर शहर और इमारतों के नाम बदलने का दौर जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता शम्सी आज़ाद ने पूर्वांचल के जौनपुर का नाम बदलने की मांग उठा दी है। शम्सी आज़ाद ने सोमवार को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जौनपुर का नाम बदलने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने जौनपुर का इतिहास और फिरोज शाह तुगलक से जुड़ते रिश्ते को भी अंकित किया है।
जोना खान के नाम से पड़ा जौनपुर का नाम
शम्सी आज़ाद ने Young Bharat से बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का इतिहास बहुत पुराना और गौरवशाली है। इसका अपना पौराणिक महत्व भी है। जौनपुर जिले का नाम पहले यवनपुर था, जिसे बाद में फिरोजशाह तुगलक के चचेरे भाई मोहम्मद तुगलक उर्फ जोना खान के नाम पर जौनपुर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि जौनपुर का संबंध महर्षि दधीचि से भी है। उनके द्वारा दान की गई अस्थियां इस शहर के इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां दधीचि कुंड आज भी स्थित है, जहां लोग महर्षि दधीचि के सम्मान में स्नान करते हैं।
भगवान परशुराम की माता रेणुका के नाम पर करने की मांग
शम्सी आज़ाद ने आगे बताते हुए कहा कि जौनपुर के जमैथा गांव को भगवान परशुराम की कर्म भूमि और तपोभूमि माना जाता है। यहां महर्षि जमदग्नि का आश्रम था, जो भगवान परशुराम के पिता थे। जौनपुर को कभी जमदग्निपुरम भी कहा जाता था। उन्होंने सीएम योगी अनुरोध करते हुए कहा कि जौनपुर जनपद का नाम बदलकर महर्षि दधीचि, भगवान परशुराम, महर्षि जमद्विनी या भगवान परशुराम की माता रेणुका के नाम पर रखा जाए।