लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में सपा सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का शिकंजा कसता जा रहा है। ईडी जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद से जल्द फिर पूछताछ करने की तैयारी कर रहा है। आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में सपा सरकार में गायत्री प्रजापति की बेनामी संपत्तियों की जांच चल रही है। इन सम्पत्तियों में कुछ फर्जी कंपनियों के जरिये निवेश किया गया था। ईडी इन कंपनियों से किए गए निवेश की छानबीन कर रहा है। इसके लिए इंडी पूर्व मंत्री से सवाल-जवाब की तैयारी में है। लखनऊ जेल में निरूद्ध पूर्व मंत्री से पूछताछ की अनुमति के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की जाएगी।
पूर्व मंत्री की मुश्किलें बढ़ना तय
सपा शासनकाल में हुए खनन घोटाले में गायत्री प्रसाद की भूमिका की भी जांच चल रही है। इस मामले में उनकी मुश्किलें जल्द और बढ़ेंगी। अवैध खनन से कमाई गई काली कमाई का एक बड़ा हिस्सा सम्पत्तियों में निवेश किया था। इनमें मुंबई में खरीदी गई कुछ सम्पत्तियों भी शामिल हैं। ईडी ने बीते दिनों मुंबई में एक फ्लैट खरीदने के लिए बालाजी कारपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड के खाते में जमा किए गए 60 लाख रुपए की बुकिंग राशि भी जब्त की थी। अब तक ईडी आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में पूर्व मंत्री और उनके परिवार की 50.37 करोड़ रुपए की सम्पत्तियां जब्त कर चुका है।