लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
बीबीडी ग्रीन के सनब्रीज अपार्टमेंट 1 और 2 में नगर निगम द्वारा टैक्स वसूली को लेकर विवाद उठ खड़ा हुआ है। यहां के RWA (रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) के पदाधिकारी नगर निगम को अपार्टमेंट में कैम्प लगाकर टैक्स जमा करने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। इस कारण न तो नगर निगम का कैम्प स्थापित हो पा रहा है और न ही यहां के निवासी अपने टैक्स का भुगतान कर पा रहे हैं।
ब्याज सहित भेजा जाएगा बिल
नगर निगम ने इस मामले में दो बार कोशिश की। हालांकि RWA के पदाधिकारियों पर उन्हें अवरोधित करने का आरोप लगा। यह मामला तब और गंभीर हो गया, जब नगर निगम की जोन-4 टीम को टैक्स वसूली के लिए कैम्प लगाने से रोका गया। इसके बाद, नगर निगम के जोन-4 के जोनल अधिकारी संजय यादव ने स्थिति पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि वे RWA के पदाधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। अगर ये लोग अब भी टैक्स वसूली के काम में रुकावट डालते हैं, तो नगर निगम को मजबूरी में ब्याज सहित सभी निवासियों का बिल भेजना पड़ेगा।
नगर निगम के लिए चुनौती बनी RWA
जोनल अधिकारी संजय यादव ने आगे कहा कि इस मुद्दे का समाधान जल्द निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अगर पदाधिकारी नहीं मानते, तो हर निवासी को उसका बिल ब्याज सहित भेजा जाएगा, जिससे उन्हें टैक्स का भुगतान करना पड़ेगा। नगर निगम की माने तो यह मुद्दा बीबीडी ग्रीन के सनब्रीज अपार्टमेंट 1 और 2 में रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। क्योंकि उन्हें टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम के कैम्प का इंतजार था। RWA के पदाधिकारियों का यह रवैया नगर निगम के लिए चुनौती बन गया है। क्योंकि इसके कारण अन्य अपार्टमेंट्स के मुकाबले यह क्षेत्र टैक्स वसूली में पीछे हो सकता है। हालांकि, नगर निगम का कहना है कि उन्हें नियमों का पालन करना होगा और अगर वे इस प्रक्रिया को रुकवाते हैं तो सभी निवासियों को बिल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।