लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
मुसलमानों के सबसे बड़े त्यौहारों में से एक ईद उल फितर का त्यौहार आज पूरे मुल्क में मनाया जा रहा है। रमज़ान के पवित्र महीने में रोज़े रखने के बाद आज मुसलमान एक दूसरे से गले मिलकर ईद की खुशियां बाट रहे है। लखनऊ में ईदगाह समेत तमाम मस्जिदों में सकुशल नमाज़ संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद रही।
सुबह 10 बजे अदा हुई नमाज़
लखनऊ की सबसे बड़ी ईदगाह में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने ईद उल फितर की नमाज़ अदा कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में नमाजियों ने सुबह से ही ईदगाह पहुंचकर अपनी जगह ग्रहण की और फिर सुबह 10 बजे ईद की नमाज़ अदा की। बड़े बुजुर्गों से साथ नन्हे मुन्ने बच्चे भी ईदगाह पहुंचकर ईद उल फितर की नमाज़ पढ़ने के लिए उत्साहित रहे।
ईदगाह में महिलाओं के लिए विशेष इंतेज़ाम
मुसलमानों के लिए बेहद खास दिन यानी ईद उल फितर के मौके पर नमाज़ सबसे ज़्यादा अहम है। हर मुसलमान इस दिन सुबह से ही पाक साफ और अच्छे कपड़े पहनकर इबादतगाह पहुंचता है। वहीं पुरुषों के साथ महिलाओं का भी ईदगाह में विशेष प्रबंध रहा। ईदगाह में रशीद बारादरी में अलग से तकरीबन 500 महिलाओं के लिए नमाज़ का इंतेज़ाम किया गया।
देश में अमन शांति और भाईचारे के लिए हुई दुआएं
ईद उल फितर के खास मौके पर लखनऊ की ऐशबाग ईदगाह में लाखों लोगों ने नमाज़ बाद दुआ की। एक साथ अल्लाह की बारगाह में हाथ उठाकर सभी ने मुल्क की तरक्की और अमन शांति के साथ सभी धर्मों के बीच नफरत मिटने की दुआ की। इमाम ईदगाह खालिद रशीद ने फिलिस्तीन के साथ दुनिया के मुसलमानों पर हो रहे जुल्म को खत्म करने की अल्लाह से दुआ की।