/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/11/RCCnWxahrdZuns4d24HP.jpeg)
लखनऊ में तेज धूप से बढ़ी गर्मी
लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह से ही लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ा। गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि दिन में कुछ समय के लिए बादल भी छा सकते हैं। आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव चलने की संभावना
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया की आने वाले दिनों में तापमान में करीब 5 डिग्री की बढ़त हो सकती है। इससे गर्मी और अधिक बढ़ेगी। इसके साथ ही 14 मई से उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हीट वेव (लू) चलने की संभावना जताई जा रही है। शनिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। दिनभर की उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया।
23 जून तक पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक 13 मई के आसपास मानसून के दक्षिणी अंडमान सागर में दस्तक देने की संभावना है। इसके बाद 27 मई से 1 जून के बीच केरल में मानसून का आगमन होगा। मानसून की सक्रियता के आधार पर, यह उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में धीरे-धीरे फैल जाएगा। विभाग के अनुमान के अनुसार 18 जून तक मानसून गोरखपुर तक पहुंचेगा। वहीं लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज में मानसून 23 जून तक दस्तक देगा। झांसी और बरेली में मानसून 24 जून, मैनपुरी में 25 जून, और आगरा एवं बिजनौर में 27 जून तक पहुंचने का अनुमान है।