/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/12/KBAFdfogqzWsmlX0KARu.jpeg)
लखनऊ में गर्मी का प्रकोप जारी Photograph: (YBN)
लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। राजधानी में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। आसमान में हल्के बादलों के बावजूद धूप तीखी बनी हुई है। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
सामान्य से अधिक दर्ज किया गया तापमान
रविवार को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं सोमवार को रात का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में धूप इतनी तीव्र रही कि दोपहर में सड़कों पर लू जैसे हालात बन गए। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 14 मई से राज्य के विभिन्न हिस्सों में लू चलने की संभावना है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर के भीतर रहें और पानी व तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें।
मानसून को लेकर राहत भरी खबर
तेज गर्मी के बीच मानसून को लेकर राहत की खबर भी आई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की शुरुआत 13 मई के आस-पास दक्षिण अंडमान सागर से हो सकती है। इसके बाद 27 मई से 1 जून के बीच मानसून केरल पहुंचेगा। उत्तर प्रदेश में मानसून 18 जून को गोरखपुर से दस्तक देगा। इसके बाद 23 जून तक लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में बारिश शुरू होने की संभावना है। झांसी और बरेली में 24 जून, मैनपुरी में 25 जून तथा आगरा और बिजनौर में 27 जून तक मानसून पहुंच सकता है।