Lucknow News : लखनऊ विश्वविद्यालय (लवि) इंटर हॉस्टल कॉम्पीटिशन फेस्ट-2025 का आयोजन करेगा। फेस्ट विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों में होगा। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो वीके शर्मा ने बताया कि फेस्ट का शुभारंभ 19 फरवरी को सुबह 9.30 बजे हबीबुल्लाह हॉस्टल में किया जाएगा। समापन और पुरस्कार वितरण समारोह 28 फरवरी को विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में 2:30 बजे होगा।
इंडोर और आउटडोर प्रतियोगिताएं होंगी
चीफ प्रोवोस्ट प्रो अनूप कुमार सिंह ने बताया कि इस इंटर हॉस्टल कॉम्पीटिशन फेस्ट में विभिन्न प्रकार की इंडोर और आउटडोर प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिताओं को तीन वर्ग में बांटा गया है। पहला सांस्कृतिक, दूसरा शैक्षिक और तीसरा खेलकूद होगा। हर प्रतियोगिता के लिए समन्वयक और सह-समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए एक निर्णायक मंडल भी गठित किया गया है। जो इन प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष और सटीक मूल्यांकन का कार्य करेगा।
विदेशी छात्र-छात्राएं लेंगे हिस्सा
इस फेस्ट में भारतीय छात्रों के साथ-साथ विदेशी छात्र भी भाग ले रहे हैं। जिससे कार्यक्रम में एक अंतरराष्ट्रीय रंग देखने को मिलेगा। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन विश्वविद्यालय के विभिन्न हॉस्टलों, एपीसेन हॉल और विश्वकर्मा ऑडिटोरियम में किया जाएगा। आउटडोर खेल परांजपे ग्राउंड, शिवाजी ग्राउंड और द्वितीय परिसर के स्पोर्ट्स ग्राउंड पर होंगे।
लखनऊ विवि में बसंत पंचमी पर हुआ भव्य आयोजन
लखनऊ विश्वविद्यालय में बसंत पंचमी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना से की गयी। विद्यार्थियों ने रंगोली बनाकर सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं डीफार्मा की छात्रा सौम्या मिश्रा ने मां सरस्वती का रूप धारण कर कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।