लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। राजधानी के मोहनलालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो विभिन्न जनपदों में महिलाओं को झांसा देकर जेवरात व नकदी ठगते थे। यह गिरोह "पुराने बर्तन के बदले नये बर्तन" देने के बहाने गांव-गांव जाकर महिलाओं को विश्वास में लेकर उनके कीमती जेवर व सामान लेता और फिर फरार हो जाता था।
11 मई को इन अभियुक्तों ने ग्राम शिवढरा में एक महिला को बनाया था निशाना
शिकायतकर्ता नीलम पत्नी राम मिलन, निवासी ग्राम शिवढरा थाना मोहनलालगंज द्वारा 11 मई को थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि एक महिला गांव में आई और पुराने बर्तन के बदले नये बर्तन देने लगी। बाद में उसने गांव की कई महिलाओं से उनके चांदी के जेवरात यह कहकर ले लिए कि कंपनी वैसा ही नया सामान बनाकर देगी और बदले में पैसे भी मिलेंगे। लेकिन तय समय पर वह महिला वापस नहीं आई।
इनकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का किया गया था गठन
पुलिस ने गंभीरता से जांच करते हुए 2 टीमों का गठन किया। 20 मई को मोहनलालगंज पुलिस टीम ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय के पास से एक महिला सहित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में झारखंड के हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह जिले के निवासी शामिल हैं।गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम विनोदमल पहाड़ी, सेहवन मल्हार, मिथिलेश मल्हार, कारू मल्हार, प्यारी देवी (मुख्य आरोपी) है। इनके कब्जे से छह पायल, छह बिछिया, एक अंगूठी, 5900 रुपये नकद बरामद हुआ है।पूछताछ में अभियुक्तों ने रायबरेली, अमेठी, उन्नाव व कानपुर में भी इसी तरह की घटनाएं करना स्वीकार किया है।