लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव के तहत पर्यटन विभाग और अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, संस्कृति विभाग द्वारा सोमवार को गोमतीनगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अभिनेता आशुतोष राणा अभिनीत महानाट्य 'हमारे राम' का मंचन ज्युपिटर हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया। दर्शकों से भरे हाल में रावण के किरदार में आशुतोष राणा की संवाद अदायगी ने एक अलग ही अनुभव दिया। रामलीला एवं राम वन गमन पथ प्रदर्शनी, शबरी कथा, रामायण एवं वेद विज्ञान क्विज प्रतियोगिता, राम से राष्ट्र मैजिक शो, विश्वव्यापी राम संवाद ने कई अनछुए पहलुओं को छुआ।
नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की प्रेरणा मिलती
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने इस मौके पर कहा कि अंतरराष्ट्रीय रामायण कॉन्क्लेव भारतीय संस्कृति और विरासत को संरक्षित एवं प्रचारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। श्रीराम के जीवन आदर्श, उनकी मर्यादा और धर्म पर आधारित शिक्षाएं न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में प्रासंगिक हैं। ऐसे आयोजनों से हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और रामायण के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
दानिश अख्तर ने निभाई हनुमान की भूमिका
' हमारे राम' महानाट्य में रावण की भूमिका में अभिनेता आशुतोष राणा और राम की भूमिका में राहुल भुचर ने जान फूंक दी। हनुमान की भूमिका में दानिश अख्तर, भगवान शिव की भूमिका में तरूण खन्ना, माता सीता की भूमिका में हरलीन कौर और सूर्य देव की भूमिका में करण शर्मा ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इस मौके पर प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन मुकेश मेश्राम, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश शील नागू, निदेशक संस्कृति शिशिर सहित कई हस्तियां मौजूद रही।