वकीलों का हजरतगंज गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन
लखनऊ बार एसोसिएशन के वकीलों ने शुक्रवार को हजरतगंज में जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ता गांधी प्रतिमा के पास एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। विधानसभा मार्ग पर बैरिकेडिंग कर वकीलों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। वकील संशोधन विधेयक 2025 के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
पुलिस और वकीलों के बीच धक्का-मुक्की
प्रदर्शन कर रहे वकीलों का कहना है कि यह विधेयक उनके अधिकारों और स्वतंत्रता को सीमित करेगा। उन्होंने मांग की है कि सरकार इस विधेयक को तत्काल वापस ले। वकील जब विधानसभा की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वकीलों की मुख्य मांगें
प्रस्तावित संशोधन विधेयक को तुरंत वापस लिया जाए।
अधिवक्ताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
सरकार वकीलों की सुरक्षा और उनके हितों पर ध्यान दे।