Advertisment

लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में जुटा नगर निगम, निकाली रैली

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिंरगा अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान में लखनऊ नगर निगम भी अपना योगदान दे रहा है।

author-image
Mohd. Arslan
Screenshot_2025-08-12-13-47-01-06_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7

नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम Photograph: (YBN)

लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों और जोनों में मंगलवार को जन-जागरूकता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रैलियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना और स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों को प्रेरित करना रहा। 

इस्लामिया इंटर कालेज में जागरूकता सत्र

नगर निगम के जोन1 में अमीरउद्दौला इस्लामिया इंटर कॉलेज में नगर निगम की आईईसी (IEC) टीम ने एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया। इसमें तिरंगे के महत्व, इसके इतिहास और सम्मान की परंपराओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक अभियान में स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कराया। इस पहल को युवाओं में राष्ट्रगौरव और नागरिक जिम्मेदारी की भावना जगाने की दिशा में अहम कदम माना गया।

प्लास्टिक के खिलाफ किया जागरूक

जोन एक के खालसा इंटर कॉलेज, चारबाग में 300 से अधिक छात्रों के साथ एक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता फैलाना था। छात्रों ने इसके दुष्प्रभाव दर्शाने वाले बैनर हाथों में लिए और जोरदार नारे—“Say No to Plastic” और “भारत माता की जय”—लगाए। जोश और देशभक्ति से भरे इस आयोजन ने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया।

लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में नंबर वन बनाने का दिया नारा

इसी तरह जोन-07 स्थित अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में एक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें 150 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली के दौरान ‘लखनऊ बनेगा नं. 1’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल देशभक्ति से गूंज उठा। छात्रों ने सतत जीवनशैली को अपनाने और प्लास्टिक के उपयोग से बचने का संदेश भी दिया। जोन-05 के वार्ड सरोजिनी नगर द्वितीय में स्थित JBR पब्लिक इंटर कॉलेज में भी हर घर तिरंगा के तहत एक रैली का आयोजन हुआ। विद्यालय के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्रीय ध्वज को लेकर पूरे जोश के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। इस रैली ने आसपास के क्षेत्र में देशभक्ति का अद्भुत माहौल बनाया।

Advertisment

चौक में आयोजित हुए रंगारंग कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व चौक काली जी वार्ड के लाजपत नगर उच्च प्राथमिक विद्यालय में नगर आयुक्त के निर्देश पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध प्रतियोगिता और तिरंगा प्रतियोगिता आयोजित की गईं। कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिसमें देशभक्ति गीत, कविताएं और नृत्य शामिल थे। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार वितरण भी किया गया। इससे बच्चों में न केवल देशभक्ति की भावना बढ़ी बल्कि उनके आत्मविश्वास और रचनात्मकता को भी मंच मिला।

Advertisment
Advertisment