Advertisment

लखनऊ नगर निगम को स्वच्छता जन भागीदारी में प्रदेश में प्रथम पुरस्कार

उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री ए के शर्मा ने शुक्रवार को लखनऊ नगर निगम को सम्मानित किया। निगम को स्वच्छता में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर यह उपलब्धि हासिल हुई है।

author-image
Mohd. Arslan
एडिट
लखनऊ नगर निगम के अधिकारी को सम्मानित करते मंत्री

लखनऊ नगर निगम के अधिकारी को सम्मानित करते मंत्री Photograph: (YBN)

लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता

Advertisment

लखनऊ नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। स्वच्छता जन भागीदारी 2024 में प्रदेश भर में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ नगर निगम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। गोमती नगर विस्तार स्थित नगरीय निकाय निदेशालय के स्वाति सभागार में डेडीकेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की तीसरी वर्षगांठ पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर निगम लखनऊ की टीम को यह सम्मान सौंपा। 

कंट्रोल रूम की शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के चलते मिला सम्मान

नगर निगम को यह पुरस्कार डेडीकेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (DCCC) की प्रभावी मॉनिटरिंग, कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 1533 पर त्वरित प्रतिक्रिया और शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के चलते प्राप्त हुआ है। इस सफलता में पशु पालन अधिकारी व DCCC प्रभारी डॉ. अभिनव वर्मा और टीम लीडर सुबोध सिंह का विशेष योगदान रहा।

Advertisment

समारोह में नगर निगम के अधिकारी रहे उपस्थित

इस समारोह में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, सचिव एवं निदेशक अनुज कुमार झा, एडिशन डायरेक्टर स्वच्छ भारत मिशन ऋतु सुहास, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक सिंह, पशु पालन अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ नगर निगम की टीम को बधाई दी और कहा कि यह पुरस्कार निगम की मेहनत, प्रशासनिक कुशलता और जनता की भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लखनऊ नगर निगम आगे भी स्वच्छता के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा।

लखनऊ नगर निगम की ओर से पुरस्कार ग्रहण

Advertisment

लखनऊ नगर निगम की तरफ से स्वच्छता जन भागीदारी पुरस्कार 2024 को चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक सिंह द्वारा प्राप्त किया गया। यह पुरस्कार मंत्री नगर विकास ए.के. शर्मा द्वारा नगर विकास निदेशालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें दिया गया।

नगर आयुक्त ने निगम टीम और जनता को दिया श्रेय

नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने इस पुरस्कार को नगर निगम कर्मचारियों और लखनऊ की जागरूक जनता की संयुक्त मेहनत का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि निगम की टीम महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देशन में स्वच्छता को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और लखनऊ को स्वच्छ, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Advertisment

सोशल मीडिया के माध्यम से भी किया जागरूक

DCCC प्रभारी डॉ. अभिनव वर्मा ने कहा कि कंट्रोल रूम की निरंतर मॉनिटरिंग और हेल्पलाइन 1533 पर नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान इस उपलब्धि की बड़ी वजह रही। उन्होंने बताया कि नगर निगम के डिजिटल निगरानी सिस्टम ने सफाई कर्मचारियों की कार्यशैली में सुधार किया, जिससे स्वच्छता स्तर बेहतर हुआ। इसके साथ ही सोशल मीडिया की मदद से भी लोगों को जागरूक किया गया।

स्वच्छता में लखनऊ के नागरिकों की भागीदारी भी रही अहम

लखनऊ नगर निगम ने इस पुरस्कार तक पहुंचने के लिए कई अहम कदम उठाए। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी भी इस सफलता में महत्वपूर्ण रही।

पिछले वर्षों में भी नगर निगम को मिले कई पुरस्कार

लखनऊ नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में पहले भी कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। जिसमें सितंबर 2024 में, पीएम स्वनिधि योजना के तहत पटरी दुकानदारों को ऋण वितरण में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। जनवरी 2023 में, लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित भारत बनाम न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच को सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री और जीरो वेस्ट इवेंट बनाने के लिए सम्मानित किया गया था। 2022 में, लखनऊ नगर निगम को स्वच्छ सर्वेक्षण में टॉप 10 शहरों में शामिल किया गया था और उत्तर प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ नगर निगम के रूप में भी सम्मान मिला था।

भविष्य में और बेहतर करने का लक्ष्य

नगर निगम की टीम अब इस उपलब्धि को और आगे बढ़ाने की योजना बना रही है। आने वाले समय में स्मार्ट कूड़ा प्रबंधन, ग्रीन वेस्ट के पुनः उपयोग और नागरिक भागीदारी को और सशक्त करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Advertisment
Advertisment