लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जीत की ओर बढ़ती दिख रही है। अब तक 30 में से 17 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। इसमें भाजपा 41,724 वोटों से आगे चल रही है। भाजपा के चंद्रभानु पासवान को 87,328 और सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद को 45,604 वोट मिले हैं। अजीत प्रसाद अपना बूथ भी हार गए। हालांकि अभी तक भाजपा की जीत की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मतगणना के शुरुआती दौर से ही भाजपा की गति निरंतर बढ़ती रही और 17 राउंड की गिनती तक बरकरार रही।
2024 में हुए उपचुनाव में भाजपा की हुई थी ऐतिहासिक जीत
अगर बात करें साल 2024 में यूपी में हुए उपचुनाव में तो भाजपा ने इतिहास रचते हुए नौ में से सात विधानसभा सीटों पर बड़ी जीत दर्ज की थी। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सिर्फ दो सीटें जीत पाए थे। इसमें भाजपा ने गाजियाबाद, कुंदरकी, मीरापुर, मझवां, कटेहरी, फूलपुर और खैर में जीत हासिल की थी। सपा ने कानपुर की सीसामऊ और करहल सीटें जीतीं थी।
2022 में अवधेश प्रसाद ने भाजपा के बाबा गोरखनाथ को दी थी शिकस्त
विधानसभा चुनाव अगर 2022 की बात करें तो सपा के अवधेश प्रसाद ने बीजेपी के बाबा गोरखनाथ को हराया था। इस चुनाव में अवधेश प्रसाद को कुल 1 लाख 3 हजार 905 वोट मिले थे। वहीं भाजपा के बाबा गोरखनाथ दूसरे नंबर पर थे और उन्हें 90 हजार 567 मत मिले थे। अवधेश प्रसाद ने भाजपा को 13,338 मतों से पटखनी दी थी। लेकिन लोकसभा चुनाव में अवधेश प्रसाद के सांसद चुने जाने की वजह से यह सीट रिक्त हुई और पांच फरवरी को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ। समाजवादी पार्टी ने अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को प्रत्याशी बनाया।