/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/02/OWrBbczrrJFKT7GZyxOz.jpg)
निरीक्षण करते नगर आयुक्त Photograph: (YBN )
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शुक्रवार को शहर के बाढ़ पंपिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार, चीफ इंजीनियर सिविल महेश वर्मा और इंजीनियरिंग ब्रांच के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने सबसे पहले बटलर पैलेस स्थित बाढ़ पंपिंग स्टेशन का जायजा लिया।
बारिश से पहले जलभराव से निपटने की तैयारी शुरू
नगर आयुक्त ने यहां लगे उपकरणों और पंपों की स्थिति को देखा और उनकी कार्यक्षमता की जानकारी ली। इस पंपिंग स्टेशन में कुल छह पंप लगे हैं। इनमें बिजली से चलने वाले दो पंप 90 हॉर्सपावर (HP) के और दो पंप 150 HP के हैं। इसके साथ ही डीजल से चलने वाले एक 63 HP और एक 35 HP के पंप भी मौजूद हैं। यह पंपिंग स्टेशन बरसात के मौसम में बटलर पैलेस कॉलोनी में जलभराव से निपटने के लिए बनाए गए पानी को गोमती नदी में पंप करने का कार्य करता है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पंपों की समय पर जांच और मरम्मत का कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो।
जलभराव से राहत दिलाएंगे पंपिंग स्टेशन
इसके बाद नगर आयुक्त ने वजीरगंज और सरकटा बाढ़ पंपिंग स्टेशनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्था और उपकरणों की स्थिति की गहनता से जांच की। नगर आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि मानसून आने से पहले सभी पंपिंग स्टेशनों की पूरी तरह से मरम्मत और सफाई कर ली जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और किसी भी तकनीकी खामी को समय रहते दूर कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या को रोकने के लिए पंपिंग स्टेशनों का सुचारू रूप से कार्य करना बहुत जरूरी है। नगर निगम का प्रयास है कि इस वर्ष शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाई जाए।
कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश
अधिकारियों को नगर आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए गए कि पंपिंग स्टेशनों पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति और उनकी जिम्मेदारी तय हो, ताकि बरसात के समय किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अंत में कहा कि नगर निगम पूरी तरह से मानसून से पहले तैयारियों में जुटा है और सभी विभाग मिलकर इस कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।