लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
लखनऊ नगर निगम इन दिनों शहर में हाउस टैक्स वसूली को लेकर युद्ध स्तर पर अभियान छेड़े है। अब तक दुकानों और निजी भवनों पर कार्रवाई करने वाला निगम इस बार सरकारी बिल्डिंगों को भी नहीं बख्श रहा है। लखनऊ में खेल निदेशालय हो या फिर प्रयटन भवन, नगर निगम ने हाउस टैक्स बकाया होने पर अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए इन्हें सील कर दिया।
जोन 6 में निकाली गई जागरूकता रैली
राजधानी लखनऊ में नगर निगम के अफसरों और कर्मचारियों द्वारा हाउस टैक्स जमा करने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई। पुराने लखनऊ के जोन 6 में ज़ोनल अधिकारी मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में सड़क चलते लोगों को जागरूक किया गया और हाउस टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। इसमें जोन 6 के ठाकुरगंज स्थित नगर निगम कार्यालय से रैली निकालते हुए हरदोई रोड, बालागंज चौराहा, दुबग्गा रोड, बुद्धेश्वर, भवानी गंज, चौक और हुसैनाबाद होते हुए लोगों को जागरूक किया गया।
31 मार्च नगर निगम में हाउस टैक्स जमा करने का अंतिम दिन
इस जागरूकता रैली में स्वास्थ्य विभाग की टीम, लखनऊ स्वच्छता अभियान की टीम और कर विभाग के सभी कर्मचारी और अधिकारी पैदल चलते रहे। नगर निगम ने बताया कि इस रैली का उद्देश्य लोगों को ग्रह कर के महत्व और इसके भुगतान के तरीकों के बारे में जागरूक करना था। बता दें कि इसी महीने की 31 मार्च को नगर निगम में हाउस टैक्स जमा करने का अंतिम दिन है इसके बाद 12 प्रतिशत ब्याज के साथ वसूली की जाएगी।