लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने नगर निगम मुख्यालय के निरीक्षण के दौरान समय पर ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए गए 19 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने सवाल उठाया है कि निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित न होने का क्या कारण है और अनुशासनहीनता क्यों बरती गई।
वेतन रोकने का दिया निर्देश
नगर निगम मुख्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सोमवार को स्वयं उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। निरीक्षण में 19 कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं पाए गए। इस लापरवाही पर नगर आयुक्त ने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पालन करें, अन्यथा अनुशासनहीनता को गंभीरता से लिया जाएगा।
सर्विस बुक के अपडेट का आदेश
अधिष्ठान विभाग के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी कर्मचारियों की सर्विस बुक को अपडेट करने के निर्देश भी दिए। वहीं जनसंपर्क कार्यालय में कामकाज की सुस्ती पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने पेपर कटिंग के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। इस दौरान गौरव कुमार ने 311 मोबाइल ऐप और उपस्थिति रजिस्टर की भी समीक्षा की। अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगने और भविष्य में समय पालन तथा अनुशासन सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
कैंपस की स्वच्छता और व्यवस्था पर जोर
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान मुख्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सफाई में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए।