लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले ने घाटी में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इस हमले में अब तक 26 पर्यटकों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक घाटी से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इस आपात स्थिति में उन्हें एक और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है एयरलाइंस टिकट की आसमान छूती कीमतें।
किराए में जबरदस्त बढ़ोतरी
आतंकी हमले के बाद श्रीनगर से दिल्ली, मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों के लिए उड़ानों के किराए में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई। इससे न केवल यात्री, बल्कि उनके परिजन भी हैरान और परेशान हैं। दिल्ली लौटने की कोशिश कर रहे एक पर्यटक ने बताया की हम पहले ही डरे हुए हैं, और अब एयरलाइंस हमें लूट रही हैं। यह इंसानियत के खिलाफ है।
किराए में उछाल देख जनता हैरान
स्पाइसजेट की श्रीनगर से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान का किराया 32,676 तक पहुंच गया है। यह फ्लाइट शाम 5:10 बजे रवाना होकर रात 11:10 बजे बेंगलुरु पहुंचती है। वहीं एक अन्य फ्लाइट जो सुबह 8:15 बजे श्रीनगर से रवाना होकर रात 11:10 बजे बेंगलुरु पहुंचती है, उसका किराया 33,013 तक पहुंच चुका है।
DPS को बताया किराए बढ़ने का कारण
इस पर सफाई देते हुए कुछ निजी एयरलाइंस कंपनियों ने किराए बढ़ने का कारण 'डायनामिक प्राइसिंग सिस्टम' को बताया है, जिसके तहत मांग बढ़ने पर किराया अपने आप बढ़ जाता है। हालांकि, यात्रियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि आपात स्थिति में कंपनियों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए था।