लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
समाजवादी पार्टी की व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सोशल मीडिया प्रभारी मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी पर पुलिस ने जवाब जारी किया है। कल रात को गिरफ्तार करने के बाद शनिवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तारी का कारण स्पष्ट किया। लखनऊ पुलिस ने मनीष को आपत्तिजनक पोस्ट के माध्यम से समाज में अशांति उत्पन्न करने की संभावना पर गिरफ्तार किया है।
थाने के बाहर आधी रात धरने पर बैठे सपाई
लखनऊ की सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में बीती रात बड़ा सियासी हलचल रहा। दरअसल सपा नेता मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी की खबर समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया पेज पर दी गई, जिसके बाद अखिलेश यादव के निर्देश पर सभी को आधी रात ही सुशांत गोल्फ सिटी थाने पहुंचने को कहा गया। आधी रात ही सपा के कुछ कार्यकर्ता और नेता सुशांत गोल्फ सिटी और अलकंदना पुलिस चौकी के बाहर धरने पर बैठ गए।
सपा दफ्तर के बाहर पुलिस का पहरा
सुबह होते ही समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस बल लगा दिया गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के विक्रमादित्य मार्ग पर भी पुलिस तैनात कर दी गई है। मनीष जगन अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने यह कदम उठाए है। बताते चलें कि सपा कार्यकर्ताओं में इस गिरफ्तारी से भारी नाराज़गी व्याप्त है और धरना प्रदर्शन जैसी स्थिति बन सकती है। इस बीच पुलिस ने नोकीले और कटीले बैरिकेटिंग भी विक्रमादित्य मार्ग पर मांगा लिए है।