लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
गोमतीनगर स्थित बीबीडी बैडमिंटन अकादमी मंगलवार की शाम फूलों की खुशबुओं से महक उठी। प्रेरणा परिवार की ओर से अकादमी में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जहां रंगों की जगह फूलों की होली खेली गई। इससे माहौल सुगंधित और आनंदमय हो गया। इस खास मौके पर अवधी लोक गायन की मधुर धुनों ने समां बांधा। जबकि भरवाई नृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों ने जब मंच संभाला तो तालियों की गड़गड़ाहट से अकादमी गूंज उठी। इस दौरान विभिन्न जिलों के प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद लेते हुये विचारों का भी आदान-प्रदान किया गया।
होली हिन्दू धर्म का मुख्य त्योहार
इस अवसर पर आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन ने कहा कि होली हिन्दू धर्म का मुख्य त्योहार है। यह पर्व विशेष रूप से वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। यह सौहार्द और समरसता का संदेश देता है। होली का पर्व समाज में एकता और मेल-मिलाप का प्रतीक माना जाता है। इसमें लोग जाति और वर्ण के भेदभाव को भूलकर एक-दूसरे के साथ रंग खेलते हैं। होली का धार्मिक महत्व भी है। हिंदू धर्म में इसे श्री कृष्ण और राधा के साथ उनकी लीला और होलिका दहन से जोड़ा जाता है। होलिका दहन को बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक भी कहा जाता है।
सामूहिकता को प्रबल करने वाला पर्व
क्षेत्र प्रचारक अनिल ने कहा कि होली का पर्व न केवल आनंद और उल्लास का प्रतीक है, बल्कि यह हमारे समाज में एकजुटता और प्रेम को बढ़ावा देने का अवसर भी है। इस दिन लोग व्यक्तिगत मनमुटाव भूलकर एक-दूसरे से मिलते हैं और समरसता को बढ़ावा देते हैं। इससे समाज में सौहार्द और सामूहिकता की भावना प्रबल होती है। होली मनुष्य को समाज में प्रेम एवं एकता को भाव जगाने एवं प्रसार करने का संदेश भी देती है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रांत प्रचारक कौशल, राष्ट्रधर्म के निदेशक मनोजकांत, उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, खाद्य मंत्री सतीश शर्मा, उद्यान मंत्री दिनेश सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, एमलसी पवन सिंह, एमएलसी अवनीश सिंह, एमएलसी रामचंद्र प्रधान जी, RML के सीएमएस डा. विक्रम सिंह, कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के निदेशक डा. एमएल भट्ट जी, 'प्रेरणा परिवार' के प्रशांत भाटिया, अभिनव भार्गव, जतिन वर्मा, पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया, भाजपा के प्रदेश महामन्त्री संजय राय, नीरज सिंह सहित समाज के विभिन्न वर्गों के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।