लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। लखनऊ स्थित उत्तर रेलवे मुख्यालय पर शुक्रवार को रेलवे कर्मचारियों ने सीनियर डीसीएम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (NRMU) के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कार्यालय के बाहर करीब आधे घंटे तक विरोध जताया और तानाशाही नहीं चलेगी अफसरशाही मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए।
अधिकारियों पर मनमानी का आरोप
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उत्तर रेलवे में कुछ अधिकारी तानाशाही रवैया अपना रहे हैं, जिससे कर्मचारियों को मानसिक और पेशागत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन ने चेतावनी दी कि अगर कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी की गई, तो आने वाले दिनों में पूरे जोन में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
स्थानांतरण को लेकर नाराजगी
एनआरएमयू के मंडल मंत्री आरके पांडेय ने कहा कि हाल ही में हुए 80 से अधिक कर्मचारियों के तबादले नियमों के विरुद्ध हैं। कुछ कर्मचारियों को तो एक साल के भीतर ही दोबारा ट्रांसफर कर दिया गया है, जो सेवा नियमों का उल्लंघन है। खासकर ऐसे कर्मचारी जो शारीरिक रूप से अक्षम हैं, बीमार हैं या गर्भवती हैं, उन्हें भी इस प्रक्रिया में छूट नहीं दी गई। पांडेय ने इसे अमानवीय कदम बताते हुए कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो यूनियन पूरे उत्तर रेलवे में बड़ा आंदोलन छेड़ेगी।