Advertisment

श्रीलाल शुक्ल जन्मशती उत्सव : अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने पुराने गानों से सजाई 'राग दरबारी' की चिट्ठी

अभिनेता पंकज त्रिपाठी और अशोक पाठक ने राग दरबारी का अंश पाठ किया। इस दौरान उन्होंने पुराने फिल्मी गानों को शामिल कर राग दरबारी का एक अंश रही चिट्ठी पढ़ी।

author-image
Deepak Yadav
श्रीलाल शुक्ल जन्मशती उत्सव

श्रीलाल शुक्ल जन्मशती उत्सव Photograph: (YBN)

लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता

Advertisment

श्रीलाल शुक्ल जन्मशती उत्सव गुरुवार को गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। इसमें प्रदर्शनी, परिचर्चा, फिल्म शो, गायन, किस्सागोई और नाट्य प्रस्तुतियां हुईं। उत्सव के मुख्य अतिथि जम्मू कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि श्रीलाल शुक्ल का उपन्यास राग दरबारी को शिवपालगंज, बिहार या यूपी तक सीमित करके न देखा जाए। यह पूरे देश के लिए है। राग दरबारी जिस दौर में लिखा गया उस दौर से मौजूदा दौर में भले ही काफी बदलाव हो गया है लेकिन आज भी प्रदेश के सिस्टम में इस उपन्यास की झलक दिखाई पड़ेगी। 

राग दरबारी में घास खोदने का मतलब रिसर्च 

उत्सव में अभिनेता पंकज त्रिपाठी और अशोक पाठक ने राग दरबारी का अंश पाठ किया। इस दौरान उन्होंने पुराने फिल्मी गानों को शामिल कर राग दरबारी का एक अंश रही चिट्ठी पढ़ी। चिट्ठी 'तुम्ही मेरे मंदिर', 'याद में देखों बना है यह हसीन ताजमहल', 'देखो मेरा दिल मचल गया', 'कहीं दीप जले कहीं दिल' जैसे खूबसूरत गानों के मुखड़ों को मिलाकर लिखी गई थी। इस दौरान पंकज त्रिपाठी ने कहा कि राग दरबारी में घास खोदने का मतलब रिसर्च होता है। शिवपालगंज में कोई कुछ नहीं करता यहां सब एक दूसरे की इज्जत करते है।

Advertisment

श्रीलाल शुक्ल की अंतिम इच्छा रह गई अधूरी

श्रीलाल शुक्ल कुछ रंग कुछ राग नामक पहले सत्र में लेखक महेंद्र भीष्म ने बताया कि श्रीलाल शुक्ल इस बात से नाराज रहते थे कि राग दरबारी की प्रसिद्धी में उनकी अन्य रचनाओं की चर्चा नहीं होती थी। उन्होंने बताया कि श्रीलाल शुक्ल एक मुकदमें पर व्यंग्य लिखना चाहते थे, जिसके लिए वह अंतिम दिनों में हाईकोर्ट का रिकार्ड रुम देखना चाहते थे पर उनकी अंतिम इच्छा पूरी नहीं हो सकी। 

श्रीलाल शुक्ल का रागदरबारी सभी को पढ़ना चाहिए
सहकारिता मंत्री जीपीएस राठौर ने कहा कि इच्छाएं अनंत होती है। हमें लगा था कि जम्मू कश्मीर की समस्याओं का अंत होगा तो आतंकवाद भी खत्म होगा लेकिन अब पाक की कश्मीर को भी भारत में मिलाने की इच्छा बढ़ आई है। उन्होंने कहा कि श्रीलाल शुक्ल जैसे व्यंग्यकार को जितना भी सम्मान मिले वह कम है। उनका रागदरबारी हर व्यक्ति हर नागरिक को पढ़ना चाहिए। 

Advertisment

सादगी और सरलता की प्रतिमूर्ति थे श्रीलाल शुक्ल 

स्मृतियों के आईने में श्रीलाल शुक्ल नामक तीसरे सत्र में वरिष्ठ कवि नरेश सक्सेना ने कहा कि श्रीलाल शुक्ल सादगी और सरलता की प्रतिमूर्ति थे। वे भले ही बीए के आगे पढ़ाई नहीं कर पाए पर फिर भी उन्होंने खूब पढ़ा। इसी सत्र में कवयित्री वंदना मिश्रा ने बताया कि श्रीलाल शुक्ल उन्हें हमेशा जीवन से भरे दिखे। संगीत की भी उन्हें गहरी समझ थी। श्रीलाल शुक्ल से वार्ता के दौरान ही यह पता चला था कि राग लंकादहन सारंग भी होता है। साहित्यकार शिवमूर्ति ने बताया कि कथाक्रम सम्मान के वे संरक्षक थे। इस दौरान श्रीलाल शुक्ल के पोते उत्कर्ष शुक्ल ने भी अपनी स्मृतियां साझा कीं। 

लोकगीतों में नारी जीवन का संघर्ष और उम्मीद

Advertisment

विशेष सत्र में लोकगायिका मालिनी अवस्थी ने साहित्यकार जैनेन्द्र सिंह से बात करते हुए कहा कि रागदरबारी का लोकजीवन हमें जीवन जीने का नया नजरिया प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि लोक गीतों में अगर हम देखने तो महिलायें अपने दुःख को भी ऐसे व्यक्त करती हैं कि उसमें भी आशा नजर आती है। लोकगीत भीषण स्थिति में भी व्यंग्य और हास्य की स्थिति को दर्शाते हैं। 'सैयां मिले लरकइयां' लोकगीत में एक नारी के जीवन की कितनी विकट परिस्थितियां है फिर भी इसे सुनो तो सहज हास्य उत्पन्न होता है। 

राग दरबारी पर आधारित नाटक का मंचन

कार्यक्रम में दर्पण संस्था की ओर से श्रीलाल शुक्ल के उपन्यास राग दरबारी पर आधारित नाटक कथा शिवपाल गंज की नाटक का मंचन किया गया। रवींद्र त्रिपाठी द्वारा रूपांतरित इस नाटक का निर्देशन मनोज शर्मा ने किया। नाटक में शिवपालगंज के छंगामल इंटर कॉलेज की राजनीति और उससे निकले व्यंग्य के तीरों ने लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर किया। नाटक में ग्रामीण व्यवस्था, प्रशासनिक ढांचे और सामाजिक राजनीतिक विडंबनाओं का चित्रण किया गया। नाटक में गुरुदत्त पांडेय, सौरभ, मनीष, रोजी मिश्रा, मनोज वर्मा सहित कई कलाकारों ने रागदरबारी के मशहूर कलाकारों की भूमिका निभाईं। यह उत्सव इंडियन फारमर्स फर्टिलाइजर कोआपरेटिव लिमिटेड के भाषा, साहित्य एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की ओर से इस उत्सव का आयोजन किया गया।

Advertisment
Advertisment