लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने विवादित बयान को लेकर घिर गई हैं। इस बार उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लेकर एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। बातचीत के दौरान जब एंकर ने उनसे अखिलेश यादव से जुड़ा सवाल किया, तो रेखा गुप्ता ने जवाब में उन्हें ‘टोटी चोर’ कह दिया।
सड़क पर उतरीं सपा महिला कार्यकर्ता
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता के इस बयान से समाजवादी पार्टी में गहरा आक्रोश फैल गया है। सपा पार्टी की महिला विंग ने मंगलवार को लखनऊ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और बैनर लेकर सड़कों पर उतर आईं और सीएम रेखा गुप्ता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हजरतगंज स्थित जीपीओ पर के पास इकट्ठा हुईं सपा महिला विंग की कार्यकर्ताओं ने रेखा गुप्ता के बयान को निंदनीय बताते हुए उन्हें तुरंत माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने कहा कि यह बयान न सिर्फ अखिलेश यादव का अपमान है, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता की और पीडीए समाज की भी बेइज्जती है, जिन्होंने उन्हें दो बार मुख्यमंत्री बनाया है।
कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए
सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने कहा कि यह सिर्फ अखिलेश यादव नहीं, बल्कि समूचे लोकतांत्रिक विपक्ष पर हमला है। उन्होंने मांग की कि रेखा गुप्ता को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए और यदि वह ऐसा नहीं करतीं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। सपा महिला विंग ने साफ किया कि जब तक भाजपा नेताओं द्वारा सार्वजनिक मंचों से की जा रही अभद्र टिप्पणियों पर रोक नहीं लगेगी, तब तक उनका विरोध इसी तरह जारी रहेगा।
सार्वजनिक रूप से मांगे माफी
सपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने कहा की रेखा गुप्ता का यह बयान उनकी राजनीतिक सोच को दर्शाता है। महिलाओं को ऐसे पदों पर बैठे लोगों से जिम्मेदार व्यवहार की उम्मीद होती है, न कि स्तरहीन टिप्पणियों की। अगर उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी।
राजनीति में गरमाई बहस
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता के बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। सपा कार्यकर्ता लगातार सोशल मीडिया पर भी दिल्ली सीएम के खिलाफ मुहिम चला रहे हैं। पार्टी नेताओं ने इसे बीजेपी की सोच और भाषा से जोड़ते हुए कहा है कि बीजेपी नेताओं को विपक्ष की आलोचना करने का तरीका नहीं आता, इसलिए वे व्यक्तिगत हमलों पर उतर आते हैं। हालांकि,अभी तक न तो दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और न ही उनकी पार्टी की तरफ से इस विवादित बयान पर कोई सफाई या प्रतिक्रिया सामने आई है।राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने साफ कहा है कि यदि रेखा गुप्ता ने माफी नहीं मांगी तो पार्टी प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज करेगी और विधानसभा तक मार्च किया जाएगा। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी बयान को शर्मनाक बताया है और इसे लोकतंत्र की गरिमा के खिलाफ बताया।