लखनऊ कलेक्ट्रेट पर सपा कार्यकर्ताओं का हंगामा
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामलाल जी सुमन के काफिले पर हमले के विरोध में गुरुवार को लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। कैसरबाग स्थित कलेक्ट्रेट मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान नाराज कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का गेट तोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।
भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता का आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता जूही सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी दलित विरोधी मानसिकता के तहत काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सांसद रामलाल जी सुमन को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, भाजपा एक दलित सांसद को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। जूही सिंह ने दावा किया कि करणी सेना से जुड़े लोगों ने सांसद के आवास और काफिले पर हमला किया गया लेकिन सरकार चुप बैठी है। उन्होंने कहा की उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। जब एक चुने हुए जनप्रतिनिधि की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो आम जनता कितनी सुरक्षित है, यह समझा जा सकता है।
संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी सपा
सपा प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, जो राज्य की बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती हैं। उन्होंने भाजपा को अंबेडकर विरोधी करार देते हुए कहा कि दलितों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और सरकार इस पर मौन है। जूही सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा में विश्वास रखती है और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने जातीय जनगणना को विपक्ष और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन की बड़ी जीत बताया। फिलहाल, इस प्रदर्शन के बाद पुलिस बल मौके पर तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।