लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। राजधानी में पूर्वी दिशा से चल रही तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। मंगलवार सुबह से ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे गर्मी से कुछ राहत महसूस की जा रही है। आसमान साफ है, लेकिन दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है, जिससे धूप-छांव की स्थिति बनी रहेगी।
तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार यानी 28 अप्रैल को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। इससे पहले 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
1 से 3 मई के बीच हो सकती है बारिश
मौसम विशेषज्ञ डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पूर्वी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट देखी जा रही है और आने वाले दो दिनों तक तेज सतही हवाएं चलती रहेंगी। इसके बाद, 1 मई से 3 मई के बीच लखनऊ और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान 40 डिग्री से नीचे रह सकता है। हालांकि मौसम में ठंडक बढ़ने के बावजूद तेज और धूलभरी हवाएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।