लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। लंबित मांग को लेकर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर शिक्षक और कर्मचारी 24 जून को भूख हड़ताल करेंगे। लखनऊ में बीएन सिंह प्रतिमा के सामने कर्मचारी सत्याग्रह किया जाएगा। नगर निगम कार्यालय में गुरुवार को कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में यह फैसला किया गया।
मुख्य सचिव से वार्ता पर नहीं जारी हुई कार्यवृत्ति
संगठन के अध्यक्ष वीपी मिश्रा ने बताया कि भूख हड़ताल के जरिए लंबित मांग को पूरा कराने के लिए सरकार का ध्यानाकर्षण किया जाएगा। महासचिव शशि कुमार मिश्रा ने बताया कि 18 नवंबर 2024 को मुख्य सचिव के साथ वार्ता हुई, चार मार्च को मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से कार्यवृत्ति जारी करने मांग की गई। इसके बाद दो अप्रैल को मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव कार्मिक को पुनः स्मरण पत्र लिखकर ध्यानाकर्षण किया गया। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। इसलिए सत्याग्रह का निर्णय किया गया।
प्रांतीय बैठक ये रहे मौजूद
इस दौरान संयोजक सतीश कुमार पांडे, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष सुरेश रावत, महामंत्री अतुल मिश्रा, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री गिरीश मिश्रा, फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव, राजकीय निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ,महामंत्री घनश्याम यादव, जवाहर भवन इंद्रा भवन कर्मचारी महासंघ के महामंत्री राम कुमार धानुक, मेडिकल कॉलेज कर्मचारी महासंघ उप्र के अध्यक्ष विपिन त्यागी आदि शामिल रहे।