लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम देने की दिशा में प्रदेश सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। नगर विकास विभाग ने मथुरा और अयोध्या में भगवान श्रीकृष्ण और प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित थीम पार्क और अनुभव केंद्र (एक्सपीरियंस सेंटर) बनाए जाने की कार्य योजना मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। प्रयागराज के शिवालय पार्क और लखनऊ के यूपी दर्शन पार्क की तर्ज पर ये पार्क भी ‘कचरे से कंचन’ की अवधारणा पर आधारित होंगे। इसमें नगरों के वेस्ट मैटेरियल और धातु स्क्रैप का उपयोग करते हुए आकर्षक और भव्य थीम पार्क तैयार किए जाएंगे, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
मथुरा में बनेगा कृष्ण लोक पार्क
मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में प्रस्तावित ‘कृष्ण लोक पार्क’ में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन की विविध लीलाओं को आधुनिक तकनीकों की मदद से दिखाया जाएगा। पार्क में 3डी इमेजिंग, लाइट एंड साउंड शो, इंटरैक्टिव मॉडल्स के माध्यम से श्रीकृष्ण के जन्म, पूतना और बकासुर वध, कंस वध, द्रौपदी चीरहरण, गीता उपदेश और विराट स्वरूप जैसे प्रसंगों का सजीव चित्रण किया जाएगा। इसके साथ ही बांसुरी और मयूर की आकृति वाले झूले, द्वापर युगीन मथुरा-वृंदावन की झलक और बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष झोन भी विकसित किए जाएंगे।
रामायण से जुड़ी कथाएं देख सकेंगे जीवंत रूप
अयोध्या में बनने वाले ‘लवकुश पार्क’ और ‘श्रीपुरुषोत्तम दर्शन अनुभव केंद्र’ में प्रभु श्रीराम और लवकुश के जीवन प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। यहां एलईडी डिस्प्ले, इंटरैक्टिव वॉल, टच कियोस्क, प्रोजेक्शन तकनीक और म्यूरल्स के माध्यम से रामायण से जुड़ी कथाएं जीवंत रूप में दिखाई जाएंगी। बच्चों के लिए बनाए जाने वाले एंटरटेनमेंट जोन में सेल्फी प्वाइंट, धनुष-बाण का मैदान, घुड़सवारी, लर्निंग एरिया और आब्स्टेकल कोर्स जैसे आकर्षण होंगे। इंटरैक्टिव तकनीकों के माध्यम से रामकथा के प्रेरणादायक प्रसंगों को नए अंदाज़ में प्रस्तुत किया जाएगा।
राजस्व के बनेंगे स्रोत
नगर विकास विभाग की इस योजना से मथुरा और अयोध्या न केवल आध्यात्मिक रूप से समृद्ध होंगी, बल्कि यह थीम पार्क और एक्सपीरियंस सेंटर नगर निकायों के लिए राजस्व के स्रोत भी बनेंगे। इसके अलावा, 'कचरे से कंचन' की नीति के तहत पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।