/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/14/Ye3lViQFB86v4ItD9zsY.jpg)
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगा यात्रा
लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना के चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न पूरे प्रदेश में मनाया जा रहा है। इसी सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य स्तर पर एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया है। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास 5 कालीदास मार्ग से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा 1090 चौराहे तक गई। 23 मई तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में इसी तरह की यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
सौ से अधिक आतंकियों को किया ढेर
सीएम योगी ने इस मौके पर कहा की पहलगाम में हमारे निर्दोष नागरिकों की नृशंस हत्या करने वाले पाकिस्तान समर्थित आतंकियों को सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत 100 से अधिक आतंकियों को ढेर किया गया, जिससे पूरी दुनिया को यह संदेश गया कि भारत शांति चाहता है, लेकिन उकसाने पर जवाब देना भी जानता है।
शौर्य का प्रतीक बनी तिरंगा यात्रा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा की हमारे जवानों ने पाकिस्तान की नापाक हरकतों का ऐसा करारा जवाब दिया है, जिसे वह लंबे समय तक याद रखेगा। आतंकवाद को पालने-पोसने वाले देश को अब अपने ही बनाए जाल में फंसना पड़ेगा। सीएम ने इस यात्रा को भारतीय सेना के शौर्य और सम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा की यह तिरंगा यात्रा उन वीर जवानों को समर्पित है जिन्होंने देश की रक्षा में अद्वितीय साहस दिखाया। आज हर नागरिक सेना के पराक्रम पर गर्व कर रहा है।हजारों स्कूली छात्र इस यात्रा में शामिल हुए, जिनके हाथों में तिरंगा लहराता रहा। लखनऊ की सड़कों पर देशभक्ति का उत्साह साफ नजर आया।
सेना के बलिदान को सलाम कर रहा देश
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी इस कार्यक्रम में भाग लिया और कहा की पाकिस्तान के प्रायोजित आतंकवाद को भारतीय सेना ने जड़ से खत्म करने का कार्य किया है। आज पूरा देश तिरंगा शौर्य यात्रा के माध्यम से सेना के बलिदान को सलाम कर रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा की जब देश एकजुट होकर सेना का सम्मान कर रहा है, तब विपक्ष निराशाजनक बातें करके देश की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहा है। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।