लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
राजधानी लखनऊ में लगातार बिजली कटौती और बिना पानी उपयोग किए बिल भेजने से परेशान व्यापारियों ने रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। उत्तर प्रदेश कपड़ा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष अशोक मोतियानी ने रक्षामंत्री को बताया कि आए दिन अनुरक्षण और मरम्मत कार्य के नाम पर चार से पांच घंटे की बिजली सप्लाई बंद की जा रही है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है, जिस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। साथ ही अमीनाबाद, चौक सहित अन्य बाजारों में बिजली के तारों का मकड़जाल होने से दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है, जिसे हटाया जाए।
व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन की मांग
अशोक मोतियानी ने बताया कि लखनऊ के व्यस्त बाजारों में फायर से संबंधित पुख्ता इंतजाम नहीं है। अमीनाबाद जैसे बड़े बाजारों में एक फायर विभाग की अतिरिक्त गाड़ी खड़ी होनी चाहिए। लखनऊ को बिजली कटौती से मुक्त रखना चाहिए। नगर निगम द्वारा व्यस्त बाजारों में ठंडे पानी की मशीनें लगाई जानी चाहिए, जिससे बाजारों में आने-जाने वाले ग्राहकों को पीने का पानी उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन शीघ्र किए जाने की मांग की। जिससे व्यापारियों की समस्याएं बोर्ड के माध्यम से सरकार तक पहुंचाई जा सके। रक्षामंत्री ने सभी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
बिना पानी उपयोग किए बिल भेजने का विरोध
इसके अलावा अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने भी रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। व्यापारियों ने बिना पानी उपयोग किए बिल भेजने का विरोध जताया। संगठन के अध्यक्ष संदीप बंसल और महानगर अध्यक्ष सुरेश छबलानी ने रक्षामंत्री को बताया कि जलकल विभाग द्वारा हजारों व्यापारियों को लाखों रुपये का बिल भेजा गया है। वहीं नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स भी अनाप-शनाप बनाया जा रहा हैं। व्यापारी नेताओं ने रक्षा मंत्री से इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
रक्षामंत्री मंत्री राजनाथ सिंह को दिया ज्ञापन
रक्षामंत्री ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से समस्या का निस्तारण करने का निर्देश दिया। वहीं व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने जोरिया समाज को प्रदेश की तरह राष्ट्रीय स्तर पर आरक्षण की सूची में शामिल किए जाने की भी मांग की। जिसका ज्ञापन रक्षामंत्री को दिया। इस अवसर पर संगठन के महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, आकाश गौतम, शुभम मौर्य, जोरिया समाज के अध्यक्ष लाल बहादुर जोरिया, ओमकार जोरिया, महिला अध्यक्ष अनीता जायसवाल सहित कई लोग मौजूद थे।