लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (UPMSP) की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा देने वाले करीब 54 लाख स्टूडेंट्स का इंतजार खत्म हो गया है। यूपी बोर्ड मुख्यालय प्रयागराज से शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे दसवीं और और बारहवीं का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इस बार 10वीं की परीक्षा में यश प्रताप सिंह ने 97.83 प्रतिशत नंबर लाकर टॉप किया। यश रसकेंद्री देवी इंटर कॉलेज, उमरी (जालौन) के विद्यार्थी हैं। वहीं 12वीं में महक जायसवाल ने 486 (97.2 प्रतिशत) अंक के साथ टॉपर बनीं। महक जायसवाल, बच्चा राम यादव इंटर कॉलेज, भुलाई की छात्रा हैं।
यूपी बोर्ड 10वीं के टॉपरों की लिस्ट
हाईस्कूल में दूसरे स्थान पर अंशी तिवारी इटावा 97.67 प्रतिशत और अभिषेक कुमार यादव बाराबंकी के रहने वाले 97.67 प्रतिशत है। इसके अलावा तीसरे स्थान पर जालौन निवासी सिमरन गुप्ता, मुरादाबाद की ऋतु गर्ग और सीतापुर के अर्पित वर्मा हैं, तीनों ने 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
इंटरमीडिएट के टॉपर्स
इंटरमीडिएट में अमरोह की साक्षी, शिवानी सिंह प्रयागराज, अनुष्का सिंह कौशांबी और सुलतानपुर के आदर्श यादव है। इन चारों को 484 (96.8 प्रतिशत) अंक मिले है। इसके अलावा इटावा की मोहिनी 482 (96.4 प्रतिशत) अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
लगातर पांचवें साल लड़कियां अव्वल
यूपी बोर्ड परीक्षा में लगातर पांचवें साल भी लड़कियां अव्वल रही हैं। 10वीं कक्षा में 93.87 फीसदी लड़कियां और 86.66 फीसदी लड़के पास हुए हैं। जबकि 12वीं में 86.37 फीसदी लड़कियां और 76.60 फीसदी लड़के पास हुए हैं। 10वीं का 90.11 प्रतिशत और 12वीं का रिजल्ट 81.15 प्रतिशत रहा है। पहली बार परीक्षा परिणाम जारी किए जाने के बाद मार्कशीट और सर्टिफिकेट डिजिलॉकर पर अपलोड किया गया। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए इस साल 5438597 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। 10वीं की परीक्षा के लिए 2740151 और इंटरमीडिएट के लिए 2698446 रजिस्ट्रेशन हुए थे।
ऐसे चेक करें रिजल्ट
- रिजल्ट चेक करने के लिए सबसे पहले यू.पी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upresults.nic.in पर जाएं।
- इसके होम पेज पर आपको 10वीं व 12वीं वीं एग्जाम रिजल्ट का लिंक दिखेगा।
- इस लिंक पर क्लिक करें और अपना रोल नंबर यहां सब्मिट करें।
- इसके बाद आपका रिजल्ट आपकी स्क्रीन पर आ जाएगा।
- रिजल्ट देखने के बाद स्क्रीनशॉट या प्रिंटआउट जरूर लें लें।
सीएम योगी ने दी बधाई, किया बड़ा एलान
यूपी बोर्ड के रिजल्ट घोषित होने पर सीएम योगी ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं एवं 12वीं कक्षा की परीक्षाओं में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई! आप सभी ने अपने अथक परिश्रम, अनुशासन और दृढ निश्चय से यह सफलता प्राप्त की है। यह उपलब्धि आपके अभिभावक एवं गुरुजनों को। विद्यार्थियों! विफलता निराशा का आधार नहीं होना चाहिए, यह आत्म-मूल्यांकन का एक अवसर देती है। निराश न हों, फिर से प्रयास करें। सफलता आपकी राह देख रही है… । प्रदेश स्तर एवं जनपद स्तर के सभी टॉपर्स का सम्मान किया जाएगा।