/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/23/PgDAMWlzU6RxMDplpwAO.jpeg)
लखनऊ में भव्य व्यापारी महासभा और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में व्यापारी महासभा और शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री असीम अरुण और व्यापार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंधी ने इस आयोजन की गरिमा बढ़ाई। इस आयोजन में प्रदेश के 75 जिलों से आए व्यापार मंडल के पदाधिकारी, व्यापारी संगठन के सदस्य और उद्यमी शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापार मंडल को मजबूत करना, व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा करना और सरकार की ओर से व्यापारिक समुदाय को दिए जा रहे लाभों पर विचार-विमर्श करना था।
व्यापारी संगठनों को मजबूती देने का संकल्प
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने कहा कि यह पूरे व्यापारी समुदाय के लिए गर्व का क्षण है कि इस आयोजन में पूर्व राष्ट्रपति जैसे बड़े व्यक्तित्व की उपस्थिति रही। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक बोर्ड का गठन करके व्यापारियों को नई शक्ति प्रदान की है, जिससे उनकी समस्याओं का तेजी से समाधान हो रहा है। अध्यक्ष मुकुंद ने कहा कि व्यापारी समाज ने हर परिस्थिति में राष्ट्रहित में योगदान दिया है, चाहे वह कोरोना महामारी का समय रहा हो या बाढ़ जैसी आपदाएं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल व्यापारियों के हित में लगातार कार्य कर रहा है और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
व्यापारियों को G20 सम्मेलन से मिला बढ़ावा
कार्यक्रम के दौरान व्यापार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंधी ने भी व्यापारियों के हितों की बात रखते हुए कहा कि G20 सम्मेलन से देश के व्यापारिक समुदाय को नया प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं को लागू किया गया, जिससे व्यापारियों को सीधा लाभ पहुंच रहा है। सुनील सिंधी ने कहा कि व्यापारियों की सुविधा के लिए विभिन्न सरकारी नीतियों को लगातार सुधारा जा रहा है और नए नियम बनाए जा रहे हैं ताकि छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वन नेशन-वन इलेक्शन का खुलकर समर्थन
इस अवसर पर ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर भी विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि यह व्यवस्था देश के व्यापारिक और औद्योगिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। व्यापार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के व्यापारी वन नेशन, वन इलेक्शन का पूरा समर्थन करते हैं, क्योंकि इससे उन्हें कारोबार करने में आसानी होगी और बार-बार चुनावी प्रक्रिया से होने वाली व्यावसायिक अस्थिरता से राहत मिलेगी।
व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि एक साथ चुनाव होने से देश में राजनीतिक स्थिरता आएगी और व्यापारी वर्ग को लंबी अवधि की नीतियों का लाभ मिलेगा। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और कैबिनेट मंत्री असीम अरुण ने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके लिए नई योजनाएं लाने पर काम कर रही है।