लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को छह आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल में शासन स्तर से लेकर जिला प्रशासन तक के अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है। सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनमें प्राविधिक शिक्षा, राजस्व परिषद, नगर निकाय और विकास प्रशासन जैसे अहम विभाग शामिल हैं।
अविनाश कृष्ण सिंह को अतिरिक्त प्रभार
प्राविधिक शिक्षा विभाग के महानिदेशक अविनाश कृष्ण सिंह को अब उसी विभाग का सचिव पदभार भी अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है। सिंह पहले से ही तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में कई अहम सुधारों की अगुवाई कर रहे हैं। वर्तमान में प्राविधिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत ए दिनेश कुमार को अब गृह विभाग में विशेष सचिव की नई जिम्मेदारी दी गई है। यह तबादला गृह विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के दृष्टिकोण से किया गया है।
बृजराज सिंह यादव बने अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त
कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव पद पर तैनात बृजराज सिंह यादव को अब लखनऊ स्थित राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है। भूमि प्रबंधन जैसे अहम कार्यों की निगरानी अब उनके अधीन होगी। अलीगढ़ नगर निगम में नगर आयुक्त के रूप में कार्यरत विनोद कुमार को अब प्राविधिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वे तकनीकी शिक्षा से जुड़े नीतिगत निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्नाव और अलीगढ़ में अधिकारी बदले
उन्नाव के मुख्य विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश मीणा को अब अलीगढ़ नगर निगम का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, फिरोजाबाद में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यरत कृति राज को उन्नाव का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।