Advertisment

UPSC टॉपर शक्ति दुबे पहुंचीं यूपी पुलिस मुख्यालय, DGP से की मुलाकात, विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

महिला अधिकारियों की प्रभावशाली उपस्थिति पर बात करते हुए शक्ति दुबे ने कहा कि भारत अब केवल पुरुषों के भरोसे नहीं है। उन्होंने कहा की आज महिलाएं भी हर चुनौती के लिए तैयार हैं और नेतृत्व की भूमिका में दिखाई दे रही हैं।

author-image
Abhishek Mishra
UPSC topper Shakti reached UP Police Headquarters met DGP

यूपीएससी टॉपर शक्ति दुबे ने डीजीपी से की मुलाकात

Listen to this article
0.75x 1x 1.5x
00:00 / 00:00

लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2024 की टॉपर शक्ति दुबे शनिवार को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय पहुंची। उन्होंने डीजीपी से मुलाकात कर पुलिस की गई व्यवस्थाओं और खासतौर पर कुंभ जैसे बड़े आयोजनों में निभाई गई भूमिका की प्रशंसा की। पुलिस अधिकारियों के साथ संवाद के दौरान शक्ति दुबे ने भारत-पाकिस्तान संबंधों पर भी बेबाक राय रखी। उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद को लेकर हमेशा स्पष्ट और ठोस रुख अपनाया है। उन्होंने कहा जब तक पाकिस्तान अपनी धरती से आतंकवाद को पूरी तरह खत्म नहीं करता, तब तक किसी भी तरह की बातचीत या सहयोग की संभावना नहीं होनी चाहिए।

Advertisment

अब हर मोर्चे पर तैयार हैं महिलाएं 

महिला अधिकारियों की प्रभावशाली उपस्थिति पर बात करते हुए शक्ति दुबे ने कहा कि भारत अब केवल पुरुषों के भरोसे नहीं है। उन्होंने कहा की आज महिलाएं भी हर चुनौती के लिए तैयार हैं और नेतृत्व की भूमिका में दिखाई दे रही हैं। यह भारत की मजबूत सामाजिक संरचना को दर्शाता है। प्रयागराज की रहने वाली शक्ति दुबे ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपनी मां को दिया। उन्होंने बताया कि उनके पिता यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं और नौकरी की प्रकृति के कारण बार-बार स्थानांतरण होते रहे। शक्ति ने कहा हर बार नई जगह पर एडजस्ट करना चुनौती था, लेकिन मेरी मां ने मेरी पढ़ाई की निरंतरता बनाए रखी। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बायोकेमिस्ट्री में स्नातक और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से परास्नातक की पढ़ाई पूरी की है।

यूपीएससी अभ्यर्थियों को दिए सफलता के टिप्स

Advertisment

यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं को सफलता के टिप्स देते हुए शक्ति दुबे ने कहा कि सबसे पहले अभ्यर्थियों को पूरे सिलेबस को अच्छी तरह से समझना चाहिए और पढ़ाई के लिए सीमित लेकिन भरोसेमंद स्रोतों का ही चयन करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिना किसी ठोस रणनीति के पढ़ाई शुरू करना गलत होता है, इसलिए पहले योजना बनाना जरूरी है। शक्ति ने बताया कि तैयारी के दौरान धैर्य और निरंतरता बनाए रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह एक लंबी प्रक्रिया है। उन्होंने सोशल मीडिया से मिलने वाली जानकारी को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि किसी भी कंटेंट को आंख बंद कर विश्वास न करें, हर स्तर पर उसे क्रॉस-चेक करें। असफलता से डरने के बजाय उससे सीख लेना चाहिए और अपनी कमियों को सुधारना चाहिए। अंत में उन्होंने युवाओं से कहा कि आत्मविश्वास बनाए रखें और अपने लक्ष्य पर पूरी तरह केंद्रित रहें, क्योंकि मेहनत अगर सही दिशा में की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।

Advertisment
Advertisment