लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। राजधानी लखनऊ में मौसम ने करवट ले ली है। सोमवार को शहर में तेज़ आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग ने इसके लिए चेतावनी जारी की है। रविवार देर रात न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।
पूर्वी हवाओं के कारण गर्मी से मिली राहत
बीते रविवार को अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक था। दिन भर चली पूर्वी हवाओं के कारण गर्मी से कुछ राहत जरूर महसूस हुई। इस दौरान हवा में अधिकतम आर्द्रता 66 फीसदी और न्यूनतम 47 फीसदी रही।
दो दिनों तक मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले 48 घंटों के दौरान लखनऊ और आस-पास के इलाकों में मौसम सक्रिय बना रहेगा। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ एक से दो बार बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज़ हवाएं 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवाओं की गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुँच सकती है, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और गैर-जरूरी यात्रा से बचें।