लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। राजधानी में मौसम ने करवट ली है। शनिवार सुबह जहां सूरज तेज चमकता नजर आया, वहीं कुछ ही देर में बादलों ने आसमान पर डेरा डाल दिया। समय-समय पर तेज पूर्वी हवाएं भी चलती रहीं, जिससे गर्मी से कुछ राहत महसूस की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में एक-दो बार हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री के करीब रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान 6 मई तक बारिश की संभावना
मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बने चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी हवाओं के टकराने से पूरे राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए 6 मई तक लखनऊ समेत कई जिलों में आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। राजधानी में हवाओं की गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।मौसम विशेषज्ञ अतुल सिंह के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पहले ही बारिश हो चुकी है।
गर्मी से राहत तापमान में 9 डिग्री की गिरावट
लखनऊ में अप्रैल के आखिरी सप्ताह में गर्मी चरम पर थी। 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया था। लेकिन मई की शुरुआत से मौसम में ठंडक घुलने लगी है। पिछले नौ दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 9 डिग्री की गिरावट आई है। शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा दर्ज किया गया।