लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। लखनऊ में रविवार सुबह मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज धूल भरी हवाओं के बीच बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे आसमान में धूल का गुबार छा गया और दृश्यता घटकर पांच सौ मीटर तक सीमित हो गई। सुबह के समय हवा की रफ्तार चालीस किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई।
दिनभर बादलों की रहेगी आवाजाही
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग ने दिनभर बादलों की गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई है। शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया।
दो मई तक बारिश और ओलावृष्टि की भी चेतावनी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में पूर्वी हवाओं के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 27 से 29 अप्रैल तक पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्रों में बादलों की गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी होने की संभावना है। प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 23 जिलों में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में हवाओं की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 30 अप्रैल से 2 मई के बीच भी कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी।
तेज धूप और गर्मी से राहत की उम्मीद
लखनऊ में तेज धूप और पश्चिमी हवाओं ने शनिवार को गर्मी बढ़ा दी थी। शुक्रवार को राजधानी में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहा। उस दिन न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री रहा था। इससे पहले 19 अप्रैल को अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तेज धूप और गर्म हवाओं से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है।