लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। लखनऊ में शुक्रवार की सुबह से ही धूप के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। दिनभर आसमान में बादलों की आवा-जाही बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच बनी रहने का अनुमान है। शहर का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास रह सकता है।
सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा तापमान
गुरुवार को दिन भर मौसम साफ रहा, अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक था। पूरे दिन पूर्वी दिशा से तेज हवा का असर देखने को मिला। वातावरण में अधिकतम आर्द्रता 61 प्रतिशत और न्यूनतम 41 प्रतिशत दर्ज की गई।
कई जिलों में मौसम में बदलाव
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी मध्य प्रदेश के ऊपर बने चक्रवातीय दबाव और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। पूर्वी और पश्चिमी हवाओं की टकराहट से एक से लेकर पांच मई तक यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी और हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। लखनऊ समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में पहले ही बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि लखनऊ में हवा की रफ्तार अगले कुछ दिनों तक 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा बनी रह सकती है। 6 मई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश की संभावना बनी रहेगी।
मई में गर्मी और हीट वेव से राहत की कम उम्मीद
अप्रैल में लखनऊ में मौसम का मिजाज उतार-चढ़ाव भरा रहा। पश्चिमी हवा के प्रभाव से जहां तापमान में इज़ाफा हुआ, वहीं पूर्वी हवाओं ने थोड़ी राहत दी। बीते 25 अप्रैल को शहर का तापमान 43 डिग्री पार कर गया था। अधिकांश दिनों में पारा 40 डिग्री या उससे ऊपर रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि मई में गर्मी सामान्य से अधिक रहेगी और हीट वेव (लू) तथा गर्म रातों की संख्या भी बढ़ सकती है।