लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। लखनऊ में बुधवार से गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। आसमान पूरी तरह साफ है और सूरज सुबह से ही तीखी धूप के साथ चमक रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया है। दिनभर 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, दोपहर के समय कुछ देर के लिए बादल भी छा सकते हैं।
तापमान 40 डिग्री के पार जाने की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि हर दिन पारा 2 से 3 डिग्री तक ऊपर चढ़ सकता है, जिससे लखनऊ समेत आस-पास के क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की पूरी संभावना है।
कमजोर पड़ी पूर्वी हवा, बढ़ी गर्मी की मार
वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया की अब तक पश्चिमी विक्षोभ के चलते चल रही पूर्वी हवाओं के कारण मौसम में कुछ ठंडक बनी हुई थी, लेकिन अब उनका असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। इसके चलते गर्मी बढ़ने लगी है और वातावरण में उमस भी महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में धूप और अधिक तीखी हो सकती है।
अभी तक सामान्य से कम था तापमान
मंगलवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। दिनभर तेज हवाएं चलने से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन बढ़ती नमी के कारण लोगों को पसीने और चिपचिपाहट का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सतर्क रहने और दिन के समय धूप से बचाव करने की सलाह दी है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर के समय बाहर निकलने से परहेज करने को कहा गया है।