लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। राजधानी लखनऊ में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर रही हैं। सड़क पर चलना मुश्किल होता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि सुबह के समय न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। पश्चिमी दिशा से आने वाली हवा की रफ्तार 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जिससे दोपहर के समय गर्मी और तेज महसूस होगी।
फिलहाल राहत के आसार नहीं
मौसम विशेषज्ञ डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। पश्चिमी हवा और साफ आसमान के कारण धूप में तीखापन बना रहेगा।मौसम विभाग ने 26 अप्रैल तक लू जैसे हालात बने रहने की संभावना जताई है। हालांकि अगले कुछ दिनों में रात का तापमान हल्का गिर सकता है। 27 अप्रैल से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने हीट वेव और गर्म रातों को लेकर कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।
औसत से ऊपर चढ़ा पारा
लखनऊ में बीते कुछ दिनों से तापमान सामान्य स्तर से अधिक दर्ज किया जा रहा है। दोपहर 1 से 3 बजे के बीच गर्मी अपने चरम पर रहती है। बुधवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.8 डिग्री अधिक था। मंगलवार को तापमान 41.4 डिग्री तक पहुंचा, और रात का पारा 25.4 डिग्री रहा।