/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/22/tKZXUXlBpsqUivvIsQDq.jpg)
लखनऊ में मौसम ने बदला मिजाज सुबह से छाए बादल, Photograph: (YBN)
लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। यूपी में बुधवार रात तेज बारिश और तूफानी हवाओं से हुई तबाही के बाद लखनऊ में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मेरठ, आगरा समेत 20 जिलों में आंधी के साथ बारिश के दौरान पेड़ और दीवार गिरने से 22 लोगों की जान चली गई। मेरठ और बागपत में भारी ओलावृष्टि देखने को मिली। प्रदेश के 39 जिलों में चार दिन तक बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। तापमान 40 डिग्री से नीचे बना रहेगा, जिससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
अगले चार दिनों तक बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, लखनऊ और आसपास के इलाकों में पूर्वी हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। अगले चार दिनों तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि इसके बाद भारी वर्षा होने के आसार हैं। इस बार प्री-मानसून की यह बारिश अब तक की सबसे अच्छी मानी जा रही है।
प्रदेश में भी बरसेंगे बादल
पूरे उत्तर प्रदेश में पूर्वी दिशा से चल रही 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं ने तापमान में कमी ला दी है। अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि, बुंदेलखंड क्षेत्र के कुछ हिस्सों में गर्मी अब भी बनी हुई है। झांसी में अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री और बांदा में 45.4 डिग्री दर्ज किया गया, जहां हीटवेव जैसी स्थिति देखी गई। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
लखनऊ में सामान्य से कम तापमान
बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। सुबह के समय बादल छाए रहे और वातावरण में नमी बनी रही। आर्द्रता का स्तर 79 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे उमस तो रही लेकिन तापमान में गिरावट से कुछ राहत महसूस हुई।Weather Forecast