लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। लखनऊ में मंगलवार की सुबह आसमान बादलों से ढका रहा। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि दिन में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। सुबह के समय तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि दिन में यह 36 डिग्री तक पहुँच सकता है। पूर्वी दिशा से चल रही हवाओं की गति 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही।
दिनभर चलती रहीं पूर्वी हवाएं
सोमवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 4.5 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। दिनभर पूर्वी हवाएं तेज़ी से चलती रहीं और रात में धूल भरी हवाओं के झोंके भी महसूस किए गए। आर्द्रता अधिकतम 58% और न्यूनतम 45% रही।
लौटेगी गर्मी तापमान में होगा इजाफा
मौसम विशेषज्ञ डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार आने वाले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में लगभग 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का प्रकोप एक बार फिर महसूस होगा। फिलहाल पूर्वी हवाओं के असर से बादल दो दिन तक बने रहेंगे, लेकिन इसके बाद मौसम साफ हो सकता है और धूप-छांव की स्थिति बनी रह सकती है।
मई में होगी हीट वेव और वार्म नाइट की स्थिति
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में वार्म नाइट और लू की स्थिति फिर से बनने लगेगी। मई में सामान्य से अधिक गर्म रातें और हीट वेव की स्थिति रहने की संभावना है, जबकि बारिश का स्तर औसत से अधिक रह सकता है। अप्रैल में केवल दो दिन ही हीट वेव की स्थिति बनी थी।