नोएडा, वाईबीएन डेस्क। जेल में रहकर प्लानिंग करने और बाहर आते ही चोरी की घटना को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को थाना सेक्टर-58 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी किए गए तीन ट्रैक्टर बरामद किए गए हैं। ये तीनों कार से रेकी करते थे। इसके बाद चोरी की घटना को अंजाम देते थे। चोरी किए गए ट्रैक्टर का चेचिस नंबर बदलकर छाता में बेचते थे। एक ट्रैक्टर करीब 50 हजार रुपए में बेचते थे। इन पैसों का प्रयोग मौज मस्ती के लिए करते थे।
चोरी के बाद बदलते थे चेसिस नंबर
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि गैंग का सरगना दीपक उर्फ दीपा है। इसे अपने दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया। अन्य दो की पहचान सुनील कश्यप और सर्वेश के रूप में हुई है। तीनों मिलकर पहले अपनी पारिवारिक कार से रेकी करते थे। इसके बाद चोरी की घटना करते थे। ट्रैक्टर चोरी करने के बाद उसका चेसिस नंबर बदलते थे और बेचते थे। इन तीनों के अन्य साथी भी है। जिनकी गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। ये सारी योजना जेल में रहकर ही बनाई थी।
लगातार कर रहे चोरी
डीसीपी ने बताया कि विगम कई महीनों से लगातार ट्रैक्टर चोरी की शिकायत मिल रही थी। एक ही पैटर्न दिखने पर लगा कि ये किसी एक गैंग का काम है। इसमें सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को एक्टिव किया गया। जिसके बाद सबसे पहले दीपक को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद बाकी दोनों साथियों को पकड़ा गया। रिकार्ड से पता चला कि एक के बाद एक चोरी कर रहे थे।
आगरा फिरोजाबाद में भी मुकदमा
इसमें दीपक पर चोरी के मामले में आगरा और फिरोजाबाद में भी मुकदमा दर्ज है। इसकी डिटेल अन्य जनपद में भेजी है। वहां से जानकारी आ रही है। बताया गया कि इस पर दर्जनों मुकदमे दर्ज है। इसके बाकी साथियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Noida | noida news