/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/15/1760525608104-2025-10-15-16-23-45.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर राज्य सरकार पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राजधानी रांची के कटहल मोड़ पर सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर दिनदहाड़े गोलीबारी इस बात का प्रमाण है कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं बची है। अपराधी खुलेआम तांडव मचा रहे हैं, जबकि पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
राज्य में कारोबारी वर्ग असुरक्षा की चपेट में
मरांडी ने कहा कि झारखंड में व्यवसायियों पर लगातार हमलों ने कारोबारी वर्ग में भय का माहौल पैदा कर दिया है। जब राजधानी रांची ही असुरक्षित है, तो अन्य जिलों की स्थिति का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि राज्य में व्यापार करना अब जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने कहा कि धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और जमशेदपुर जैसे शहरों में अपराधी फायरिंग और भयादोहन के माध्यम से आतंक फैला रहे हैं। व्यवसायियों से लेकर डॉक्टरों तक को निशाना बनाया जा रहा है। मरांडी ने आरोप लगाया कि इस पूरे अपराध तंत्र में पुलिस और सत्ता में बैठे लोगों की मिलीभगत भी साफ दिखाई दे रही है।
हेमंत सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल
भाजपा नेता ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह नाकाम रही है। अपराधियों को खुलेआम कांड करने की छूट दी गई है, जिससे आम जनता और व्यापारी वर्ग दोनों भयभीत हैं। मरांडी ने कहा कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय वसूली में लगी है। उन्होंने राज्य सरकार से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर सरकार ने अब भी होश नहीं संभाला तो झारखंड में व्यवसाय करना दूभर हो जाएगा।