/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/09/tznn0lmj_400x400-2025-11-09-18-03-07.jpg)
रांची, वाईबीएन डेस्क : झारखंड की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी ने माहौल गरमा दिया है। रांची के वरिष्ठ भाजपा विधायक सीपी सिंह ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी पर विवादित टिप्पणी कर दी। उनका यह बयान तब आया जब उनसे पूछा गया कि झारखंड कांग्रेस के कई नेता बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार करने जा रहे हैं, क्या इसका कोई असर दिखेगा? इस पर सीपी सिंह ने कहा कि “अगर कांग्रेस बिहार में सिंगल डिजिट में भी पहुंच जाए, तो यह बहुत बड़ी बात होगी।” उन्होंने राहुल गांधी पर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि “जब बिहार में राहुल गांधी की कद्र नहीं, तो झारखंड कांग्रेस के नेताओं की कौन करेगा?” इसके साथ ही उन्होंने सोनिया और प्रियंका गांधी को लेकर भी अनुचित टिप्पणी की और कहा कि “बिहार में भाई प्रचार करे या बहन, फर्क नहीं पड़ता।”
बिहार चुनाव पर टिप्पणी से बढ़ा सियासी पारा
सीपी सिंह के इस बयान के बाद झारखंड और बिहार दोनों राज्यों की सियासत में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे महिलाओं का अपमान बताया है, जबकि भाजपा के अंदरखाने में भी इस बयान को लेकर असहजता है। विपक्षी दलों ने कहा कि भाजपा के नेता लगातार महिलाओं और विपक्षी नेताओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
कांग्रेस ने पलटवार कर मांगी मानसिक स्थिति जांच हो
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि “जिस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व महिलाओं को लेकर अपमानजनक बातें करता हो, उसके विधायक भी वैसी ही भाषा बोलेंगे।” उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा नेताओं में न तो नैतिकता बची है और न ही मर्यादा। राकेश सिन्हा ने आगे कहा कि सीपी सिंह का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है और ऐसे व्यक्ति को समाज में प्रतिनिधित्व का अधिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “बेहतर होगा कि उन्हें रिनपास में भर्ती कराया जाए।
भाजपा में भी मची हलचल, सोशल मीडिया पर विरोध तेज
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर सीपी सिंह के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोगों ने भाजपा नेतृत्व से मांग की है कि विधायक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस तरह की बयानबाजी चुनाव से पहले भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि महिलाओं के प्रति भाजपा की मानसिकता उजागर हो चुकी है और बिहार की आधी आबादी भाजपा को जवाब देगी।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us